प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के नेतृत्व पर छत्तीसगढ़ कैबिनेट ने दी बधाई, अग्निवीरों को पुलिस भर्ती में मिलेगा अवसर, इस विभाग का बदला नाम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने पर छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद ने बधाई एवं अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए।
बैठक में पूर्व अग्निवीरों को राज्य के गृह विभाग में आरक्षक के 36 पदों पर भर्ती में अवसर देने का निर्णय लिया गया। इसके लिए श्रेणीवार 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान पहले ही किया जा चुका है। इस फैसले से सैन्य प्रशिक्षण और अनुशासन का अनुभव प्राप्त कर चुके पूर्व अग्निवीरों को राज्य पुलिस में सेवा देने का अवसर मिलेगा।
मंत्रिपरिषद ने एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए ‘आदिम जाति विकास विभाग’ का नाम बदलकर ‘जनजातीय कार्य विभाग’ करने को मंजूरी दी। माना जा रहा है कि इससे विभाग के नाम में जनजातीय समुदायों की पहचान और प्रशासनिक कार्यों के अनुरूप स्पष्टता आएगी।
आम लोगों के जीवन में आया बदलाव
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और जनजातीय समुदायों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं। बुनियादी ढांचे, आवास, स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण के क्षेत्रों में हुए कार्यों से आम लोगों के जीवन में बदलाव आया है। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई और विकास कार्यों को गति देने में केंद्र सरकार के सहयोग का भी उल्लेख किया।
कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री के नेतृत्व और देश के विकास में उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही राज्य में सुशासन, जनकल्याण और विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











