छुरा पुलिस ने 8 नग हीरे के साथ तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, 1.83 लाख का सामान जब्त, घेराबंदी कर दबोचा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में अवैध रूप से हीरे के परिवहन के खिलाफ छुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 8 नग बहुमूल्य खनिज पदार्थ हीरा बरामद किया है। इसके साथ ही एक पल्सर मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 83 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 सितंबर 2026 को थाना छुरा पुलिस को सूचना मिली कि पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 QH 5325 में तीन व्यक्ति रसेला-खरखरा मार्ग से बहुमूल्य खनिज पदार्थ हीरा लेकर परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रसेला-खरखरा मार्ग स्थित देवरी-धामनडीह तिराहा मोड़ के पास नाकाबंदी की।
कुछ देर बाद बताए गए हुलिए के अनुसार पल्सर मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली। पूछताछ में मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम लिलेश्वर नायक, बीच में बैठे व्यक्ति ने हेमकुमार यादव और पीछे बैठे व्यक्ति ने पुरण नायक बताया।
तलाशी में 8 नग हीरे बरामद

पुलिस के मुताबिक लिलेश्वर नायक की जींस की दाहिनी जेब से सफेद कागज में लिपटे 3 नग चमकीले पत्थर बरामद हुए। वहीं हेमकुमार यादव की शर्ट की जेब से 3 नग और पुरण नायक की शर्ट की जेब से 2 नग बहुमूल्य खनिज पदार्थ बरामद किए गए। इस तरह तीनों के कब्जे से कुल 8 नग हीरे बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 QH 5325, जिसकी कीमत करीब 90 हजार रुपये, तथा ओप्पो, लावा और विवो कंपनी के तीन मोबाइल फोन, जिनकी कुल कीमत करीब 13 हजार रुपये है, भी जब्त किए हैं। सभी जब्ती को मिलाकर कुल कीमत करीब 1 लाख 83 हजार रुपये बताई गई है।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
पुलिस के अनुसार मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 3(5) बीएनएस तथा 21(4), 21(1) माइनिंग एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
1. लिलेश्वर नायक, पिता सुंदर लाल नायक, उम्र 26 वर्ष, निवासी मेड़की डबरी, थाना छुरा, जिला गरियाबंद।
2. हेमकुमार यादव, पिता जेहरूराम यादव, उम्र 65 वर्ष, निवासी सड़क परसुली, थाना गरियाबंद, जिला गरियाबंद।
3. पुरण नायक, पिता रायसिंग नायक, उम्र 33 वर्ष, निवासी मेड़की डबरी, थाना छुरा, जिला गरियाबंद।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
गरियाबंद में 4 लाख के हीरा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, एक हफ्ते में दूसरी कड़ी कार्रवाई











