बंद घर में मिली मां और दो बच्चों की लाश, हत्या की आशंका, पुलिस ने कही ये बात

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– बंद घर में महिला और उसके दो बच्चों की सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव चार दिन पुराने बताए जा रहे हैं, इसलिए सड़ चुके हैं और उनमें कीड़े भी लग गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र का है।

तेज बदबू आने पर ग्रामीणों को हुआ शक

जानकारी के मुताबिक छाल थाना क्षेत्र के कीदा गांव निवासी 35 वर्षीय सुकांति साहू अपने दो बच्चों बेटे युगल साहू (12) और बेटी प्राची साहू (10) के साथ घर में रहती थी। उनके पति महेंद्र साहू मजदूरी करते हैं। सोमवार को वे काम पर बाहर गए थे। पिछले चार दिनों से उनके घर का दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हो रही थी। इस बीच गुरुवार को उनके घर से तेज बदबू आने पर ग्रामीणों को शक हुआ और इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

3 से 4 दिन पहले मौत होने का संदेह

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खोला तो देखा कि सुकांति, उसके उसके दो बच्चों के शव बिस्तर पर सड़े-गले पड़े थे। इसके बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। शव काफी हद तक सड़ चुके थे। पुलिस को संदेह है कि इनकी मौत 3 से 4 दिन पहले हुई होगी। पूरे कमरे में दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने मौके पर जांच शुरू कर दी है और मृतका के पति महेंद्र साहू और आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ की, लेकिन अभी तक मौत के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।

पोस्टमार्टम के बाद हो सकता है मामले का खुलासा

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मृतकों के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव बुरी तरह सड़ चुके थे। फिलहाल तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पूछताछ में मृतका के पति महेंद्र साहू ने बताया कि वह सोमवार को काम पर जाने के लिए घर से पुरूंगा के लिए निकला था और वहीं रहकर मजदूरी कर रहा था। बहरहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/ByoSNL9jFiJAghfKGiFAzm

यह खबर भी जरुर पढ़े

बेटे के साथ मिलकर भतीजे की हत्या, इस बात को लेकर हुआ विवाद, बेटा गिरफ्तार पिता फरार

Related Articles

Back to top button