घरों के बाहर से सिटकनी लगाकर जेवरात ले उड़े चोर, नवापारा में चोरी और नकाबपोशों का खौफ

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा और आसपास के अंचल में इन दिनों चोरों और संदिग्ध तत्वों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं और आधी रात नकाबपोश युवकों की संदिग्ध गतिविधियों ने आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर घरों और खेतों में चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं, तो दूसरी ओर वायरल सीसीटीवी फुटेज ने नगर में दहशत का माहौल बना दिया है। घटना रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।

शीतलापारा में चोरी, बाहर से बंद कर दिए कमरे

नवापारा के वार्ड क्रमांक 20 शीतलापारा इलाके में अज्ञात चोरों ने बेहद शातिराना तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने रात के समय घर के कमरों की छिटकिनी बाहर से बंद कर दी और आराम से अंदर घुसकर सोना-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।

पीड़ित अविनाश, जो टाटा मैजिक वाहन चालक है उसने अपनी शिकायत में बताया कि 30 दिसंबर 2025 की रात उसकी मां रोहिणी साहू, बहन वंदना साहू और पड़ोस की महिलाएं आग तापने के बाद घर के अंदर सो गई थीं। सुबह करीब 5.30 बजे उठने पर पता चला कि उसके कमरे और माता-पिता के कमरे की छिटकिनी बाहर से बंद थी। बहन के खिड़की से बाहर निकलने के बाद जब खाली कमरे की जांच की गई, तो आलमारी में रखे पर्स से जेवरात गायब मिले।

चोरी गए सामान में सोने का गुलबंद, कान के इयरिंग, मंगलसूत्र का लॉकेट, झुमके, चांदी का करधन और 9 जोड़ी चांदी की बिछिया शामिल हैं। चोर पर्स खाली कर पलंग पर छोड़ गए। पीड़ित ने यह भी बताया कि आसपास के घरों की छिटकिनियां भी बाहर से बंद की गई थीं। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खेत से पंप चोरी, किसान परेशान

इसी तरह नवापारा क्षेत्र के ग्राम भुरका खार में भी चोरी की एक और वारदात सामने आई है। ग्राम भुरका निवासी मयंक जो रायपुर में सिविल कांट्रेक्टर का काम करता है, उसके खेत से अज्ञात चोर 5 एचपी का सबमर्सिबल पंप और करीब 150 फीट केबल वायर चोरी कर ले गए।

पीड़ित के अनुसार 31 दिसंबर 2025 की शाम तक खेत में सब सामान सुरक्षित था, लेकिन 1 जनवरी 2026 की सुबह खेत पहुंचने पर पंप और केबल गायब मिले। चोरी गए सामान की कीमत करीब 18 हजार रुपये बताई गई है। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर 4 जनवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

आधी रात नकाबपोशों की दहशत, CCTV से हड़कंप

बता दें कि कुछ दिनों पहले नवापारा नगर में आधी रात नकाबपोश युवकों की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सदर रोड स्थित चांदनी चौक इलाके के सीसीटीवी कैमरे में 6-7 चेहरा ढंके युवक देर रात संदिग्ध हालत में सड़कों पर घूमते नजर आए। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होते ही नगर में नगर में सनसनी फैल गई है।

वीडियो में कुछ युवकों के हाथों में हथियार जैसी वस्तुएं दिखाई देने की बात कही जा रही है, जिससे लूट, चोरी या किसी बड़ी वारदात की आशंका जताई जा रही है। हालात यह हैं कि लोग रात में घर से बाहर निकलने से घबरा रहे हैं और व्यापारी अपनी दुकानों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

पुलिस गश्त पर उठे सवाल, जागरूकता जरूरी

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और नकाबपोशों की गतिविधियों को लेकर नागरिकों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि यदि नियमित और सख्त पेट्रोलिंग होती, तो बदमाश इस तरह बेखौफ नजर नहीं आते।

बहरहाल, बढ़ती चोरी की घटनाएं और संदिग्ध गतिविधियां साफ संकेत दे रही हैं कि नवापारा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है। पुलिस के साथ-साथ नागरिकों को भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की आवश्यकता है, ताकि समय रहते अपराध पर अंकुश लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस सभी मामलों की गहनता से जांच में जुट गई है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवापारा में आधी रात नकाबपोशों की दहशत, CCTV फुटेज से मचा हड़कंप-VIDEO, पुलिस ने कही ये बात….

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button