ड्यूटी पर जा रहे दो पुलिस आरक्षकों की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचला, आरोपी चालक गिरफ्तार, घटना का लाइव वीडियो आया सामने

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो पुलिस आरक्षकों की जान चली गई। दरअसल, तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दो आरक्षकों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक आरक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। हादसा बलौदाबाजार जिले के हथबंद थाना क्षेत्र का है।

मृतकों की पहचान आरक्षक धर्मेंद्र यादव (क्रमांक 377) और आरक्षक प्रशांतधर दीवान (क्रमांक 809) के रूप में हुई है। धर्मेंद्र यादव (35) साइबर सेल में पदस्थ थे और बेमेतरा जिले के ग्राम परसबोड़ के निवासी थे। वहीं प्रशांतधर दीवान (35) हथबंद थाने में पदस्थ थे तथा बेमेतरा के नवागढ़ क्षेत्र के रहने वाले थे।

ड्यूटी के सिलसिले में निकले थे दोनों

जानकारी के अनुसार दोनों आरक्षक ड्यूटी के सिलसिले में एक ही मोटरसाइकिल से बलौदाबाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने अचानक टर्न लेते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों जवान सड़क पर गिर पड़े। ट्रेलर का पिछला पहिया दोनों के ऊपर से गुजर गया।

एक की मौके पर मौत, दूसरे में अस्पताल में तोड़ दम

हादसे में आरक्षक धर्मेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल प्रशांतधर दीवान को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया, लेकिन एंबुलेंस से ले जाते समय धरसींवा के पास उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

चालक गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी ट्रेलर चालक कुंजबिहारी को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। दोनों जवानों के असामयिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने दिवंगत आरक्षकों को श्रद्धांजलि अर्पित की है, वहीं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/Bi1gPFRXBEjBeoNhF41JIu

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद में दर्दनाक हादसा: ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की दर्दनाक मौत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button