होली की खुशियां मातम में बदलीं: घर पर मिली युवक की संदिग्ध लाश, परिवार में मचा कोहराम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– होली की खुशियों के बीच एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है दिनभर होली खेलने के बाद देर रात युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी। मामला भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सौरभ सोनकर (24) निवासी राजीव नगर, भिलाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि होली के दिन सौरभ परिजनों के साथ रहा और सामान्य रूप से त्योहार भी मनाया। लेकिन देर रात उसका शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला।
परिजनों और दोस्तों ने उसे तुरंत नीचे उतारकर भिलाई के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई, क्योंकि बड़ी संख्या में परिजन और परिचित वहां पहुंच गए थे। प्रारंभ में परिजन शव को दूसरे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन बाद में शव को मर्च्यूरी में रखवा दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना और सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है। गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
होलिका दहन की रात दोस्त की हत्या, शॉकब रॉड से सिर पर किया वार, आरोपी गिरफ्तार











