रायपुर जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति में न हो दिक्कत, कालाबाजारी करने पर होगी कार्रवाई: कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह
डीलर्स एसोसिएशन ने उपभोक्ताओं से पैनिक न होने की अपील की

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिले के सभी ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों और डीलर्स की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि जिले में ऐसी व्यवस्था करें कि एलपीजी गैस की आपूर्ती में दिक्कत न हो, आम उपभोक्ताओं को किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े। बुकिंग होने के पश्चात् समय पर गैस सिलेण्डर की अनिवार्य रूप से आपूर्ति करें। किसी भी प्रकार की कालाबाजारी की शिकायत पायी जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1995 (एस्मा) के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर ने कहा कि एलपीजी गैस का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में है, उन्होंने आग्रह किया कि आम उपभोक्ता पैनिक न हों। किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर कलेक्टर कॉल सेेंटर के नम्बर 9977222564, 9977222574, 9977222584 एवं 9977222594 पर सम्पर्क करें।
बैठक में ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि वर्तमान व्यवस्था के तहत गैस सिलेण्डर की दूसरी बुकिंग डिलिवरी के 25 दिन बाद ही होगी, सभी उपभोक्ता डिलिवरी के समय डिलिवरी ऑथेंटिक कोड (डीएसी) बताएं, बुकिंग के लिए आईवीआरएस, व्हाट्सएप, कॉल एवं मैसेज का उपयोग कर सकते हैं। साथ ही उन्हीं उपभोक्ताओं को सिलेण्डर दिया जाएगा जिनकी ई-केवायसी हुई है।
3 दिन के भीतर खाद्य विभाग को सूची उपलब्ध कराएं

बैठक में खाद्य नियंत्रक भूपेन्द्र मिश्रा ने कहा कि सभी डीलर प्रति सप्ताह गैस कंपनी से प्राप्त घरेलू और व्यावसायिक सिलेण्डर के आवक-जावक और बचत की जानकारी खाद्य विभाग को देंगे। साथ ही जो उपभोक्ता पिछले तीन महीने से सिलेण्डर नहीं ले रहे हैं उनकी सूची 3 दिन के भीतर खाद्य विभाग को उपलब्ध कराएं।
श्री मिश्रा ने कहा कि सभी डीलर्स के पास जितने भी गैस आपूर्ति वाहन हैं उनके नम्बर, ड्राइवर का नाम और मोबाइल नम्बर प्रस्तुत करें एवं आपूर्ति करने वाले वाहन किसी भी सार्वजनिक स्थान पर आपूर्ति नहीं करेंगे, घरेलू गैस उपभोक्ता को बिल अनिवार्य रूप से देंगे एक प्रति कार्यालय में रखेंगे जिसमें उपभोक्ता का हस्ताक्षर होगा एवं गैस उपभोक्ता कार्ड में एंट्री अनिवार्य रूप से करें। उन्होंने कहा कि खाद्य विभाग के अधिकारी सप्ताह में एक बार गैस एजेंसी जाकर सत्यापन कार्य करें। सभी गैस कंपनी के सेल्स अफसर अपने प्रभार के गैस एजेंसी की जांच सप्ताह में एक बार करें और इसकी जानकारी खाद्य विभाग को देंगे।
इंडेन डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं ऑल एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स के जिला अध्यक्ष विकास मरकाम ने कहा कि होली के कारण वितरण में थोड़ा विलम्ब हुआ था जो अब सुधर गई है। जिले में अभी और भविष्य में एलपीजी गैस को लेकर किसी भी प्रकार की समस्या आम उपभोक्ताओं को नहीं होगी। उन्होंने आम जनता से आग्रह किया कि पैनिक न हों और सहयोग करें, गैस एजेंसियां भी उनका सहयोग करेंगी।
भारत गैस वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष मुरारी गौड़ ने बताया कि कॉमर्शियल कनेक्शन में हॉस्पिटल और शैक्षणिक संस्थाओं को ही गैस सिलेण्डर की आपूर्ति की जाएगी। इस अवसर पर खाद्य विभाग के अधिकारी एवं सभी गैस एजेंसी के संचालक उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक, अफवाहों पर न दें ध्यान











