शिक्षक की हत्या कर आरोपी ने लगाई फांसी, इस बात की आशंका, जानिए पूरा मामला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षक की हत्या करने के बाद आरोपी ने आत्महत्या कर ली। आरोपी का शव उसके ही घर पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना सक्ती जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार 18 मार्च 2026 को जर्वे निवासी दिव्यांग शिक्षक देवानंद भारद्वाज (लगभग 42 वर्ष) की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। वह दोनों पैरों से दिव्यांग थे और ग्राम पिहरीद के शासकीय स्कूल में पदस्थ थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि शिक्षक देवानंद ने आरोपी टिमनलाल से 7 लाख रुपए में जमीन खरीदने का सौदा किया था और पूरी रकम भी दे दी थी। बावजूद इसके आरोपी ने न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसे लौटाए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ा, जो हत्या की वजह बना। बताया जा रहा है कि वारदात के एक दिन पहले शाम को पान दुकान के पास दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। इसके बाद जब शिक्षक अपने घर लौट रहे थे, तभी सुनसान जगह पर आरोपी ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी।
घर पर फांसी से लटका मिला शव
वारदात को अंजाम देने के बाद उसने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को ट्राइसाइकिल सहित जलाने की कोशिश भी की और फरार हो गया। इसी बीच शुक्रवार को ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि आरोपी गांव लौट आया है और अपने घर में फांसी पर लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि आरोपी घर के पीछे के रास्ते से अंदर घुसा और गमछे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
गिरफ्तारी के डर से आत्महत्या की आशंका
पुलिस ने आरोपी की आत्महत्या के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही अब हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को जोड़कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। प्रारंभिक तौर पर गिरफ्तारी के डर से आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
लव मैरिज के 6 महीने बाद पति की हत्या: पत्नी, तीन सालियां और जीजा गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला











