अभनपुर ब्रेकिंग: मिट्टी में दफन मिला अज्ञात शव, हत्या की आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- अभनपुर इलाके में एक डबरी किनारे एक अज्ञात शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिट्टी में दबा हुआ मिला। घटना की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जाँच शुरू कर दी। मृतक की पहचान रायपुर शाद्दनी दरबार निवासी नितेश बत्रा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, 21 मार्च को भरेंगाभाटा-नवागांव मार्ग पर ग्रामीणों ने सुनसान इलाके में जमीन में दफन एक शव देखे जाने की सूचना पुलिस को दी थी। शव का एक हाथ और एक पैर जमीन के बाहर दिखाई दे रहा था, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खुदाई कराकर शव को बाहर निकलवाया।
हाथ में बने टैटू के आधार पर हुई पहचान
जांच के दौरान मृतक की पहचान उसके हाथ में बने टैटू के आधार पर की गई। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि कुछ दिन पहले हत्या कर शव को जमीन में गाड़ दिया गया था, ताकि साक्ष्य छुपाए जा सकें।
प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक नितेश बत्रा किसी से मिलने के लिए घर से निकला था, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गया। अब शव मिलने के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रेम संबंध के चलते उसकी हत्या की गई होगी। हालांकि पुलिस ने अभी इस एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक के संबंधों कॉल डिटेल व अन्य गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
अभनपुर-राजिम रोड पर दिल दहला देने वाला हादसा: अज्ञात वाहन ने युवक को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत











