रायपुर में दर्दनाक हादसा: पानी की टंकी में डूबने से एक साल के मासूम की मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में रविवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां घर में बनी खुली पानी की टंकी में गिरने से एक साल के बच्चे की मौत हो गई। मासूम परिवार का इकलौता चिराग था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, अमलीडीह स्थित महात्मा गांधी नगर, गली नंबर-1 निवासी रोहित साहू का एक वर्षीय पुत्र त्रिराज उर्फ इराज अपनी दादी के साथ घर में खेल रहा था, जबकि उसकी मां काम पर गई हुई थी। इसी दौरान खेलते-खेलते बच्चा घर के पोर्च में बनी पानी की टंकी के पास पहुंच गया और अनजाने में उसमें गिर गया।
बताया जा रहा है कि टंकी करीब 7 फीट गहरी थी और उसमें पानी ऊपर तक भरा हुआ था, जिससे बच्चा नजर नहीं आ सका। कुछ समय तक जब बच्चा दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों ने घर और आसपास तलाश शुरू की।
तलाश के बाद टंकी में मिला शव
परिजन बच्चे को ढूंढते रहे, यहां तक कि चोरी की आशंका में पुलिस को भी सूचना दी गई। 112 टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसी दौरान एक पड़ोसी ने टंकी में देखने की सलाह दी। बांस डालकर खोजबीन की गई और एक युवक टंकी में उतरा, जहां बच्चे का शव मिला। मासूम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
निर्माणाधीन घर में खुली थी टंकी
परिजनों के अनुसार, घर अभी निर्माणाधीन है और टंकी पूरी तरह ढकी नहीं थी। आमतौर पर टंकी को पाटे से ढककर उस पर ईंट रख दी जाती थी, लेकिन घटना वाले दिन घर में पेंटिंग का काम चल रहा था। बताया गया कि पेंटरों ने पानी निकालने के लिए टंकी का ढक्कन हटाया और उसे खुला छोड़ दिया, जिसके चलते यह हादसा हो गया।
परिवार में मातम, मां सदमे में
मासूम इराज अपने परिवार का इकलौता चिराग था। बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां लता साहू गहरे सदमे में हैं और उनका ब्लड प्रेशर लगातार गिर रहा है। पिता रोहित और दादी श्यामबाई साहू का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों के बयान दर्ज किए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











