डैम में तैरता मिला बिल्डिंग कॉन्ट्रेक्टर का शव, हत्या या आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में स्थित डैम में बिल्डिंग कॉन्ट्रेक्टर का शव तैरता हुआ मिला है। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। घटना महासमुंद जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, कोडार डैम में वन चेतना केंद्र के पीछे करीब 1 बजे कुछ लोगों ने डैम में एक युवक का शव तैरता देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान महासमुंद के शंकर नगर निवासी जयपावर (35) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है जयपावर स्काउट गाइड महासमुंद के जिला उपाध्यक्ष थे और निजी तौर पर बिल्डिंग कॉन्ट्रेक्टर का कार्य करते थे।
पुलिस ने जांच के दौरान मृतक की स्कूटी डैम के किनारे खड़ी थी, जिसमें उसका पर्स और मोबाइल सुरक्षित रखा हुआ था, जबकि जूते डैम किनारे पड़े मिले। जांच में यह भी पता चला कि शुक्रवार सुबह वह रोज की तरह घर से निकले थे और करीब 10:30 बजे तुमगांव में अपने एक मित्र से मिले। इसके बाद उन्होंने भोरिंग कार्य स्थल पर जाकर मजदूरों को भुगतान किया और एक निर्माणाधीन मकान का निरीक्षण भी किया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए गए है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। परिजनों और परिचितों से पूछताछ जारी है।फिलहाल पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











