कुएं से मिली युवक की सड़ी-गली लाश, बोरी में भर पत्थरों से बांधकर फेंका गया शव; पुलिस ने जताई इस बात की आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक कुएं से बोरी में बंद शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव करीब 20 से 25 दिन पुराना बताया जा रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच शुरू कर दी है। मामला महासमुंद जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार लभराखुर्द गांव का एक ग्रामीण सुबह बकरी चराने के दौरान यश पोल्ट्री फॉर्म के पास स्थित लिफ्ट एरिगेशन कुएं के पास पहुंचा। कुएं में पानी कम होने पर उसे एक बोरी दिखाई दी, जिससे तेज दुर्गंध आ रही थी। संदेह होने पर उसने तत्काल कोटवार को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। रस्सी की मदद से बोरी को बाहर निकाला गया। बोरी खोलने पर अंदर 30 से 35 वर्ष के युवक का शव मिला, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
प्लानिंग के तहत छिपाया गया शव
जांच में सामने आया कि शव को बड़ी साजिश के तहत ठिकाने लगाया गया था। युवक के पैरों को मोड़कर दो अलग-अलग बोरियों में भरा गया था। बोरियों में बड़े पत्थर, बोल्डर और मुरूम डाले गए थे, ताकि शव पानी में डूबा रहे। इन्हें महिला की साड़ी के टुकड़ों से कसकर बांधा गया था।
शरीर पर चोट के निशान
फॉरेंसिक जांच के मुताबिक शव 20 से 25 दिन पुराना है। पानी में डूबे रहने के कारण शरीर ज्यादा सड़ा नहीं, लेकिन सिर का हिस्सा पूरी तरह गल चुका है। सिर और कंधे के पीछे गहरे चोट के निशान मिले हैं, जो हत्या की ओर इशारा करते हैं। मौके से खून से सनी शर्ट, महिलाओं का लेगिंग, टी-शर्ट की जेब से 100 और 200 रुपए के नोट और एक गुलेल बरामद हुई है।
CCTV और गुमशुदगी रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। साथ ही जिले एवं अन्य थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम का मानना है कि इस वारदात में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं।
बताया गया कि शव को बोरी में भरकर पत्थरों के साथ कुएं में फेंका गया, वह अकेले व्यक्ति का करना मुश्किल है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए हर पहलू पर गहराई से पड़ताल की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
राजिम ब्रेकिंग: नहर पोल में मिली युवती की सड़ी-गली लाश, हत्या की आशंका











