आधी रात पेट्रोल पंप में आग लगाने की कोशिश, दो बाइक जलाईं; CCTV में कैद हुआ संदिग्ध-VIDEO

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– आधी रात पेट्रोल पंप को आग लगाने की कोशिश करता एक संदिग्ध युवक सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में कैद हो गया। व्यक्ति ने पहले पेट्रोल-डीजल की डिस्पेंसिंग मशीन के नोजल में माचिस लगाकर आग लगाने का प्रयास किया। नाकाम होने के बाद उसने पेट्रोल पंप परिसर में खड़ी दो बाइकों को निशाना बनाया और उनमें आग लगा दी। गनीमत रही कि आग पेट्रोल-डीजल तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र का है।

बताया गया कि बीती रात करीब 11.30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति मेघा स्थित माता रानी फ्यूल्स पेट्रोल पंप पहुंचा। उसने कर्मचारियों से अपशब्द कहे। फिर वहां से चला गया। करीब रात 1.30 बजे वही संदिग्ध दोबारा पेट्रोल पंप पहुंचा। उसने पेट्रोल-डीजल मशीन के पास खड़ी कर्मचारियों की बाइकों को निशाना बनाया। आरोपी ने माचिस से एकलव्य यादव की बाइक की डिक्की में आग लगा दी। इसके बाद दूसरी नटवर साहू के बाइक को भी आग के हवाले कर दिया।

पेट्रोल पंप के पास रहने वाले लोगों की नजर जलती हुई मोटरसाइकिलों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पेट्रोल पंप पहुंचकर कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी और दरवाजा खटखटाकर एकलव्य यादव तथा नटवर साहू को जगाया। कर्मचारियों ने बाहर आकर देखा तो दोनों बाइक धधक रही थीं। इसके बाद उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाया। आगजनी में एकलव्य यादव की मोटरसाइकिल पूरी तरह जल गई, जबकि नटवर साहू की बाइक का डिक्की वाला हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।

नोजल में आग लगाने की कोशिश, टल गया बड़ा हादसा

घटना के बाद पेट्रोल पंप संचालक ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति पेट्रोल पंप के नोजल पर माचिस लगाकर आग लगाने की कोशिश करता दिखाई दिया। हालांकि नोजल में आग नहीं लगी।

अगर आग पेट्रोल या डीजल के स्टोरेज अथवा डिस्पेंसिंग सिस्टम तक पहुंच जाती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। पेट्रोल पंप पर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आसपास के क्षेत्र में भी आग फैलने और बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान का खतरा था।

काले कपड़ों में दिखा संदिग्ध

बताया गया कि संदिग्ध व्यक्ति काले कपड़ों में दिखाई दे रहा है। उसके साथ दो बैल भी नजर आ रहे हैं। संचालक की शिकायत पर मगरलोड पुलिस ने BNS की धारा 296 और 326(f) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

VIDEO

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

चिंगारी ने मचाई दहशत, पेट्रोल पंप पर बाइक में धमाका, लगी भीषण आग, मचा हड़कंप

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button