शादी की खुशियां मातम में बदलीं: ट्रैक्टर के नीचे दबने से नवविवाहित युवक की मौत, एक दिन पहले हुई थी शादी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शादी के महज एक दिन बाद ही नवविवाहित युवक की ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र का है।
टेंट सामान छोड़ने जा रहा था युवक
जानकारी के अनुसार देवांगन सिदार (35 वर्ष) गौरेला-पेंड्रा जिले में बिजली विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। शादी के अगले ही दिन शनिवार शाम करीब 5.30 बजे वह अपने चाचा के ट्रैक्टर में शादी का टेंट व अन्य सामान लेकर पास के गांव लौटाने जा रहा था। इसी दौरान सतीपारा सरपंच निवास के पास ढलान में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
ट्रैक्टर के नीचे दबा युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे में चालक सीट पर बैठे देवांगन ट्रैक्टर के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर उन्हें बाहर निकाला और तत्काल पत्थलगांव के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर रेफर किया, लेकिन रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
तीन दोस्त घायल, हालत खतरे से बाहर
हादसे के समय ट्रैक्टर में सवार उनके तीन मित्र सीमोन एक्का, सुशील एक्का और द्वारिका सिदार भी घायल हुए हैं। गनीमत रही कि उन्हें मामूली चोटें आई हैं और सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। नवविवाहिता के हाथों की मेहंदी भी फीकी नहीं पड़ी थी कि यह दुखद हादसा हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस ने घटना की सूचना पर मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
शादी की खुशियां मातम में बदलीं: बहन की शादी से एक दिन पहले भाई की दर्दनाक मौत, बड़ा भाई गंभीर











