जर्जर मकान की दीवार ढही, मलबे में दबकर 10 वर्षीय मासूम की मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक पुराना और जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस हादसे में 10 वर्षीय बालक की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है। मामला बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम केकती निवासी महेंद्र कुमार कश्यप पिता बलदाऊ कश्यप (10 वर्ष), दोपहर करीब 3 बजे गांव के तालाब से नहाकर अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह अपने घर के दरवाजे के पास पहुंचा, बगल में स्थित एक पुराना और जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। दीवार और मिट्टी का भारी मलबा सीधे बालक के ऊपर गिर गया, जिससे वह पूरी तरह दब गया। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही सब कुछ हो चुका था।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाकर बच्चे को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1











