रायपुर सेंट्रल जेल में महिला कैदी का आत्महत्या प्रयास, परिजनों ने लगाया यौन शोषण और प्रताड़ना का आरोप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर स्थित केंद्रीय जेल के महिला प्रकोष्ठ में एक महिला कैदी द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने से हड़कंप मच गया। गंभीर स्थिति में कैदी को तत्काल उपचार दिया गया। घटना के सामने आते ही जेल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं परिजनों ने यौन शोषण और प्रताड़ना का आरोप लगाए हैं।
कलाई काटकर आत्महत्या की कोशिश
जानकारी के अनुसार महिला कैदी आशिमा राव ने कथित तौर पर अपनी कलाई काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। उसे तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई, जहां आठ टांके लगाए गए। बताया जा रहा है कि घटना 3-4 दिन पुरानी है, जिसकी जानकारी अब सार्वजनिक हुई है। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि जेल के भीतर महिला स्टाफ और एक अन्य कैदी द्वारा उसके साथ लगातार प्रताड़ना की जा रही थी। परिजनों ने यौन शोषण तक के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इसी मानसिक दबाव के चलते उसने यह कदम उठाया।
परिजनों के मुताबिक, कैदी ने एक चिट्ठी लिखकर जेल में चेकिंग के नाम पर अपमान और अभद्र व्यवहार की जानकारी दी थी। घटना के बाद परिजन जेल पहुंचे और न्याय की मांग करते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत सौंपी है।
जेल प्रशासन ने आरोपों से किया इनकार
इधर जेल प्रशासन ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि महिला कैदी सुरक्षित और स्वस्थ है तथा उसे बाहर रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ी। प्रशासन का कहना है कि कुछ दिन पहले कैदी के पास से आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई थी, जिसके बाद जेल नियमों के तहत कार्रवाई की गई थी। बताया जा रहा है कि आशिमा राव पिछले करीब छह महीने से एक मारपीट के मामले में जेल में बंद है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1











