कांग्रेस नेता के घर ताबड़तोड़ फायरिंग: बड़े बेटे की मौत, छोटा गंभीर; परिवार को कमरे में किया बंद

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :–  बीती रात तीन नकाबपोश बदमाशों ने सीमेंट-रेत व्यवसायी और ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष के घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में उनके बड़े बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मामला जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र का है।

आधी रात घर में घुसकर बरसाईं गोलियां

जानकारी के अनुसार बिर्रा क्षेत्र अंतर्गत करही गांव में गुरुवार देर रात करीब 12 बजे तीन अज्ञात हमलावर सम्मेलाल कश्यप घर के पीछे के रास्ते से अंदर घुसे। घर में दाखिल होते ही वे उस कमरे तक पहुंचे, जहां उनके बड़े बेटे आयुष कश्यप, उसका छोटा बेटा आशुतोष कश्यप और बेटी सो रही थी। बदमाशों ने आयुष पर दो राउंड फायरिंग की। एक गोली सीने और दूसरी कनपटी पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इसके बाद आरोपियों ने आशुतोष पर भी गोली चलाई, जो उसके दाहिने हाथ में लगी। वारदात के दौरान बदमाशों ने घर के अन्य सदस्यों को बाहर से कमरों में बंद कर दिया, ताकि कोई मदद के लिए बाहर न निकल सके।

लूट या रंजिश? दोनों एंगल पर जांच

प्रारंभिक तौर पर घटना को लूट के प्रयास से जोड़ा जा रहा है, क्योंकि आरोपियों द्वारा पैसों की मांग की बात सामने आई है। वहीं परिजनों ने इसे व्यवसायिक रंजिश का मामला बताते हुए सुनियोजित हत्या का आरोप लगाया है। वारदात में घायल आशुतोष को तत्काल बिर्रा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा परिवार

मृतक आयुष कश्यप हाल ही में रेत कारोबार से जुड़ा था। उसके पिता सम्मेलाल कश्यप क्षेत्र के सक्रिय व्यवसायी होने के साथ ही ब्लॉक कांग्रेस के उपाध्यक्ष हैं। परिवार का स्थानीय राजनीति में भी प्रभाव रहा है।

विधायक ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक ब्यास कश्यप जिला अस्पताल पहुंचे और घायल से मुलाकात की। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए रेत के अवैध कारोबार और प्रशासनिक ढिलाई को लेकर नाराजगी जताई तथा निष्पक्ष जांच की मांग की।

पुलिस जांच तेज, CCTV  खंगाले जा रहे

घटना की सूचना पर एसपी निवेदिता पाल और एएसपी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है। घटना के बाद गांव समेत पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1

यह खबर भी जरुर पढ़े

स्पा सेंटर में सेवा देने की जिद, मना करने पर किया हवाई फायरिंग, दो आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल व एयर गन जब्त

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button