गरियाबंद में हिली धरती: इन इलाकों में महसूस हुए भूकंप के झटके, लोगों में दहशत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में बुधवार शाम भूकंप के झटके महसूस किए गए। अचानक आए इन झटकों से पूरे इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। लोग घबराकर अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। इस बीच कई गांवों में अफरा-तफरी की स्थिति भी देखने को मिली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही धरती में कंपन महसूस हुआ, लोग घबराकर गए। झटके कुछ सेकंड तक ही महसूस हुए, लेकिन इसका असर व्यापक क्षेत्र में देखा गया। बताया जा रहा है कि देवभोग एवं अमलीपदर क्षेत्र के निष्टिगुड़ा और सुपेबेड़ा इलाके में झटके महसूस किए गए। ग्रामीणों का कहना है कि बर्तन और घरों में रखे सामान हिलने लगे।
जनहानि या बड़े नुकसान नहीं
घटना के बाद बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों में इकट्ठा हो गए और अपने परिजनों से फोन के माध्यम से संपर्क करने लगे। स्थानीय स्तर पर कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बना रहा। हालांकि राहत की बात रही कि किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन की ओर से इस घटना की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है, लेकिन संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, भूकंप के झटके उड़ीसा के कालाहांडी क्षेत्र तक भी महसूस किए गए। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम सतर्क है तथा लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना दें।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX











