पद्मश्री फूलबासन का अपहरण करने की कोशिश, ऐसे पकड़ में आए आरोपी, पुलिस कर रही पूछताछ

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– पद्मश्री सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता फूलबासन बाई यादव के अपहरण की सनसनीखेज कोशिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया। मंगलवार सुबह फोटो खिंचवाने और जन्मदिन मनाने के बहाने पहुंचे आरोपियों ने उन्हें कार में बैठाकर हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर गमछा लपेट दिया, लेकिन रूटीन चेकिंग के दौरान पुलिस की सतर्कता से इस वारदात का खुलासा हो गया। घटना राजनांदगांव जिले के सुकुलदैहान चौकी थाना लालबाग इलाके की है। 

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह फूलबासन बाई अपने घर पर थी, तभी बेमेतरा निवासी खुशबू साहू अपने तीन साथियों (एक महिला और दो पुरुष) के साथ सुबह करीब 10 बजे उनके घर पहुंची। उन्होंने बहाना बनाकर उन्हें घर के बाहर बुलाया और अपाहिज के साथ फोटो खिंचवाने के नाम पर कार में बैठा लिया। उसके बाद गाड़ी का दरवाजा बंद कर कार आगे बढ़ा दी।

कार आगे बढ़ते ही आरोपियों ने फूलबासन बाई के हाथ-पैर बांध दिए और चिल्लाने से रोकने के लिए उनके मुंह पर गमछा लपेट दिया। आरोपी खैरागढ़ की ओर भागने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान चिखली पुलिस चौकी के पास चल रही रूटीन चेकिंग में पुलिस ने संदिग्ध हालत में कार को रोका।

पुलिसकर्मी ने पहचाना

पुलिस को देखकर आरोपियों ने बहाना बनाया कि गाड़ी में बैठी महिला को मिर्गी का दौरा पड़ा है और वे उसे अस्पताल ले जा रहे हैं। लेकिन ड्यूटी पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने फूलबासन बाई को पहचान लिया। उनकी स्थिति देखकर पुलिस का शक गहराया और तुरंत सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।

जांच में सामने आया है कि खुशबू साहू पिछले 4-5 महीनों से फूलबासन बाई के संपर्क में थी और स्वयं सहायता समूहों से भी जुड़ी रही है। उस पर बेमेतरा क्षेत्र में रोजगार प्रशिक्षण के नाम पर महिलाओं से अवैध वसूली के आरोप भी लगे हैं। पुलिस को आशंका है कि यह मामला पैसे उगाही या किसी आपराधिक साजिश से जुड़ा हो सकता है। घटना के बाद सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

चिखली और सुकुलदैहान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX

यह खबर भी जरुर पढ़े

शिक्षिका का रहस्यमयी अपहरण! बंधक फोटो भेजकर 5 लाख की फिरौती, कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button