फिंगेश्वर में दवा दुकान का औचक निरीक्षण, नशीली दवाओं में गड़बड़ी उजागर, गोरा होने वाला क्रीम भी जप्त

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छत्तीसगढ़ सरकार के “सही दवा, शुद्ध आहार यही है छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर में एक दवा दुकान का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं।
“सही दवा, शुद्ध आहार यही है छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के अंतर्गत आज फिंगेश्वर ब्लॉक स्थित थोक दवा दुकान नीलम मेडिकल स्टोर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान टीम को नशीली दवाओं के क्रय-विक्रय में अनियमितताएं मिलीं, जिस पर अधिकारियों ने गंभीर आपत्ति जताई।
जांच दल ने फर्म संचालक को निर्देशित किया कि नशीली दवाओं से संबंधित सभी दस्तावेज और रिकॉर्ड तत्काल प्रस्तुत किए जाएं। साथ ही दुकान से एक फेस क्रीम का नमूना भी जांच के लिए लिया गया है। बताया गया कि इस क्रीम का उपयोग युवा वर्ग द्वारा चेहरे को गोरा करने के लिए गलत और अनियंत्रित तरीके से किया जा रहा है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह के उत्पादों और दवाओं की निगरानी अब और कड़ी की जाएगी। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX











