पूर्व सरपंच के बेटे की संदिग्ध हालत में मिली लाश, हत्या या हादसा, पुलिस जुटी जांच में

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा क्षेत्र के पूर्व सरपंच के बेटे का शव संदिग्ध अवस्था में नहर में तैरते हुई मिली है। घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जब स्थानीय ग्रामीणों ने नहर में शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मामला रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम तोता के पास बुधवार सुबह एक युवक का शव नहर में तैरता हुआ मिला। इसकी सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुवात में शव की शिनाख्त नहीं हो पाई।
जिसके बाद पुलिस ने मौके का मुआयना कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। साथ ही नजदीकी थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही थी, ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
कुछ घंटों बाद पुलिस जांच में शव की शिनाख्त नवापारा नगर के समीपस्थ ग्राम पटेवा के पूर्व सरपंच राजू पाल के बेटे धर्मेश उर्फ लल्ला के रूप में हुई। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि धर्मेश दो दिनों से घर से लापता था, परिजन उसकी तलाश में जुटे ही हुए थे ऐसे में यह दुखद घटना सामने आ गई।
पुलिस जुटी जांच में

प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हत्या, आत्महत्या या दुर्घटना तीनों संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। शव की स्थिति को देखते हुए अंदेशा जताया जा रहा है कि मौत कुछ समय पहले हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX











