फर्जी नियुक्ति आदेश जारी कर करोड़ो रूपये ठगी करने वाले शिक्षक और कलर्क गिरफ्तार, आदेश में सचिव एवं उप-सचिव के किये थे डिजिटल हस्ताक्षर
34 पीड़ितों से लगभग 1.5 करोड़ रूपये की ठगी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय नवा रायपुर के नाम पर फर्जी भर्ती आदेश जारी कर लोगों को नौकरी का झांसा देने वाले दो आरोपियों को रायपुर ग्रामीण पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने व्हाट्सएप के जरिए फर्जी आदेश वायरल कर 34 लोगों से लगभग 1.5 करोड़ रुपये की ठगी की है। मामला राखी थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी राजपाल बघेल द्वारा 24 अप्रैल 2026 को थाना राखी में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि 5 मार्च 2026 के दिनांक का एक फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इस आदेश में परिवहन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा स्कूल शिक्षा विभाग में नियुक्ति की अनुशंसा दर्शाई गई थी। आदेश में सचिव एवं उप सचिव के डिजिटल हस्ताक्षरों का भी दुरुपयोग किया गया था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 76/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल नंबरों के विश्लेषण के आधार पर आरोपी राजेश शर्मा उर्फ राजू की पहचान की, जो डोंगरगढ़ (जिला राजनांदगांव) का निवासी है।
आर्थिक तंगी के चलते बनाई योजना
पुलिस टीम ने डोंगरगढ़ पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में राजेश शर्मा ने बताया कि आर्थिक तंगी और कर्ज के चलते उसने अपने साथी मनोज कुमार श्रीवास्तव के साथ मिलकर ठगी की योजना बनाई थी। दोनों ने कंप्यूटर के जरिए फर्जी नियुक्ति आदेश तैयार किया और उसे व्हाट्सएप पर वायरल कर लोगों से पैसे ऐंठे।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने भिलाई निवासी एक महिला से 1.90 लाख रुपये लिए थे, जिसे बाद में वापस कर दिया गया। शिकायत के बाद आरोपियों ने फर्जी आदेश का प्रसार बंद कर दिया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कंप्यूटर सेट (मॉनिटर, सीपीयू, कीबोर्ड, माउस) और प्रिंटर जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2), 336(3), 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी

राजेश शर्मा उर्फ राजू (53 वर्ष), निवासी खुटापारा, डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव (शासकीय शिक्षक)
मनोज कुमार श्रीवास्तव (52 वर्ष), निवासी कुम्हारपारा, डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव (प्रायवेट स्कुल में है कलर्क)
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX
यह खबर भी जरुर पढ़े
सावधान किसान! खाद के नाम पर चल रहा ठगी का खेल, नकली रसीद देकर किसानों से वसूल रहे पैसे











