मिट्टी धंसने से महिला समेत 3 की दर्दनाक मौत, परिजनों ने किया हंगामा, लापरवाही का लगाया आरोप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– सीवरेज पाइपलाइन विस्तार कार्य के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से 12 फीट गहरे गड्ढे में काम कर रहे तीन मजदूर जिंदा दब गए। हादसा इतना भयावह था कि तीनों मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष और एक महिला मजदूर शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया। घटना बालोद जिले के दल्लीराजहरा क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार बीएसपी टाउन में सीवरेज लाइन विस्तार परियोजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा था। शाम करीब 5.30 बजे मजदूर गहरे गड्ढे में उतरकर पाइप फिटिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान चेन मोल्डिंग मशीन की चेन अचानक टूट गई, जिससे तेज कंपन के साथ मिट्टी भरभराकर धंस गई और मजदूर मलबे में दब गए। बताया जा रहा है कि एक मजदूर किसी तरह बाहर निकल आया, लेकिन तीन अन्य को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
5 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे में किशुन कुमार (54), राकेश कुमार (28) और बैशाखिन (50) की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। रात लगभग 11 बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शवों को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है।
लोगों का कहना है कि मजदूरों को बिना सुरक्षा उपकरण और बिना सुरक्षा बैरिकेडिंग के गहरे गड्ढे में उतार दिया गया था। घटना के बाद मृतकों के परिजन आदिवासी संगठनों के साथ बीएसपी अस्पताल के सामने धरने पर बैठ गए। परिजन एक करोड़ रुपए मुआवजे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मुआवजे की मांग को लेकर अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ, जिसके चलते पोस्टमार्टम प्रक्रिया भी रोक दी गई। परिजनों ने शव लेने से भी इनकार कर दिया।
लापरवाही का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लुनिया ने आरोप लगाया कि हादसे के करीब चार घंटे बाद बीएसपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष तोरण साहू ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
छुई खदान धंसने से एक महिला की मौत, दूसरी घायल, पुताई के लिए सफेद मिट्टी निकालने गई थी महिलाएं











