प्रेम विवाह के दो साल बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: कमरे में इस हाल में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– प्रेम विवाह के दो साल बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव घर पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पति ने पत्नी को फंदे पर झूलते देखा तो उसकी चीख निकल गई। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार कृष्णा नगर बस्ती स्थित किराए के मकान में 26 वर्षीय प्रीति उर्फ बेबी की लाश फांसी के फंदे पर लटकी मिली। बताया जा रहा है कि मृतका बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गौरेया थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। जिससे कृष्णा नगर निवासी धर्मेंद्र पासवान ने भगा कर प्रेम विवाह कर लिया था। शादी के बाद से दोनों कोरबा में किराए के मकान में अपने तीन साल के बच्चे के साथ रह रहे थे।
धर्मेंद्र पासवान बालको पावर प्लांट में एक निजी कंपनी के ठेकेदारी कार्य से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि उसने अपनी पहली पत्नी को छोड़कर प्रीति से प्रेम विवाह किया था। दोनों पिछले कुछ वर्षों से कृष्णा नगर बस्ती में रह रहे थे।
सुबह फंदे पर झूलती मिली पत्नी
सोमवार सुबह जब धर्मेंद्र घर पहुंचा तो उसने अपनी पत्नी प्रीति को कमरे के भीतर लोहे के एंगल में चुन्नी के सहारे फांसी के फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देखते ही वह घबरा गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और महिला को नीचे उतारा गया। आनन-फानन में उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को सील कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया है। तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
मामले में एक चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि मृतका की मां नहीं है और उसके पिता भी कोरबा आने को तैयार नहीं हुए। पुलिस ने संबंधित थाने के जरिए मृतका के पिता से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने आने से इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











