दाढ़ी बनाने से मना किया तो सैलून संचालक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– मगरलोड थाना के करेली बड़ी चौकी क्षेत्र में दाढ़ी बनाने से मना करने की बात को लेकर हुए विवाद में सैलून संचालक पर धारदार चाकू से हमला करने वाले आरोपी को करेलीबड़ी चौकी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देश पर पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को ग्राम करेलीबड़ी में आरोपी चम्मन लाल भारती (43), पिता ईश्वरी भारती, दाढ़ी बनवाने के लिए सैलून पहुंचा था। दाढ़ी बनाने से मना करने की बात को लेकर उसका सैलून संचालक टुकेश्वर उर्फ लालू सेन से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए सब्जी काटने वाले धारदार चाकू से टुकेश्वर पर हमला कर दिया। हमले में उसके हाथ, घुटने और गाल पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर करेलीबड़ी चौकी, थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 134/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) और 118(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी भावना पांडेय ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए और आरोपी की तलाश शुरू की। पूछताछ के दौरान चम्मन लाल भारती ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर कृषि मंडी की दीवार के पास छिपाकर रखा गया स्टील का धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया गया। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











