गरियाबंद में बड़ा हादसा: सुशासन मंच के पास गिरा विशालकाय पेड़, बच्चों समेत 7 लोग दबे, कलेक्टर ने तुरंत रोका कार्यक्रम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान कार्यक्रम स्थल के पास मौजूद एक विशालकाय पीपल का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 2 बच्चों समेत कुल 7 लोग घायल हो गए, जबकि एक छोटा हाथी वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम खरहरी में सुशासन तिहार शिविर की तैयारियां चल रही थीं। कुछ लोग कार्यक्रम देखने और टेंट व्यवस्था के दौरान पेड़ पर चढ़े हुए थे, वहीं नीचे खाना बनाने और अन्य इंतजाम का काम जारी था। इसी दौरान अचानक वर्षों पुराना विशाल पीपल का पेड़ जड़ समेत गिर पड़ा और कई लोग उसकी चपेट में आ गए।
टेंट कर्मी और बच्चे दबे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पेड़ गिरते ही कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। टेंट लगाने वाले कर्मचारी, खाना बना रहे लोग और आसपास मौजूद बच्चे इसकी चपेट में आ गए। हादसे में कई लोगों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कुछ को फ्रैक्चर बताया जा रहा है। घटना के समय जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे। हादसे के तुरंत बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पेड़ एक घंटे बाद गिरता, तब तक कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट चुकी होती और हादसा भयावह रूप ले सकता था। इस बात को लेकर मौके पर मौजूद लोग भी सहम गए।
कलेक्टर ने दिखाई संवेदनशीलता, तुरंत स्थगित किया कार्यक्रम
घटना के बाद जिला कलेक्टर ने तत्काल सुशासन तिहार शिविर कार्यक्रम को स्थगित करने के निर्देश दिए। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों का रेस्क्यू कर उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में जुटी हुई है। चिकित्सक डॉ. हरीश चौहान ने बताया कि कुछ घायलों के हाथ और पैर में फ्रैक्चर है, जबकि दो घायलों की हालत ज्यादा गंभीर होने पर उन्हें कलेक्टर की मौजूदगी में रेफर किया गया।
दौरा रद्द कर अस्पताल पहुंचे कलेक्टर-एसपी
हादसे की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर और एसपी ने अपना मैनपुर दौरा रद्द कर दिया और सीधे जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। काफी देर तक अधिकारी डॉक्टरों से इलाज की स्थिति पर चर्चा करते रहे। हादसे के बाद प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है। पेड़ गिरने के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











