रायपुर में बेलगाम अपराध: बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट, दूसरी ओर एक ही परिवार के तीन लोगों पर चाकू से हमला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले में कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बावजूद अपराध लगातार बेलगाम होते नजर आ रहे हैं। बीती रात जिले में दो अलग-अलग खूनी वारदातों ने राजधानी की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। एक ओर तिल्दा-नेवरा में बेटे ने शराब के विवाद में अपने ही पिता की हत्या कर दी, वहीं दूसरी ओर पारस नगर इलाके में नशा करने से रोकने पर बदमाशों ने एक ही परिवार के तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया।

बेटे ने पिता को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला

तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-4 में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। यहां शराब पीने और घर में दोस्तों को बुलाकर शराबखोरी करने को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान संतू कोठारी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटा बीरेन्द्र कोठारी उर्फ राजू बताया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक 25 मई की रात करीब 9 बजे पिता-पुत्र के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। विवाद बढ़ने पर आरोपी आपा खो बैठा और घर में रखा लकड़ी का डंडा उठाकर पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में संतू कोठारी गंभीर रूप से घायल हो गए और अधिक खून बहने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए घटनास्थल की सफाई की और शव को खाट पर लिटाकर सामान्य मौत दिखाने की कोशिश की।

सूचना मिलने पर तिल्दा-नेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल डंडा भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

एक ही परिवार के 3 लोगों पर चाकू से हमला

इधर राजधानी के पारस नगर इलाके में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घर के सामने नशा करने से मना करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि साहिल खान और उसके पिता इस्माइल ने चाकू से हमला कर एक ही परिवार के तीन लोगों को घायल कर दिया। हमले में अरुण साहू, उनकी पत्नी रजनी साहू और बेटे अनुज साहू घायल हुए हैं।

बताया जा रहा है कि अरुण साहू और अनुज साहू की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी इलाके में नशा कर रहे थे। विरोध करने पर विवाद बढ़ा और देखते ही देखते दोनों आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही गंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी साहिल खान और उसके पिता इस्माइल को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

कमिश्नरेट सिस्टम पर उठने लगे सवाल

राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ती हत्या, चाकूबाजी और हिंसक घटनाओं ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद अपराध नियंत्रण को लेकर बड़े दावे किए गए थे, लेकिन लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है। राजधानी में अपराधियों के बढ़ते हौसले अब कानून व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

रायपुर में आधी रात घर में फेंका बम, चाकू लहराकर दी जान से मारने की धमकी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button