रायपुर में आधी रात घर में फेंका बम, चाकू लहराकर दी जान से मारने की धमकी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर की सड़कों पर आधी रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बदमाशों ने एक महिला के घर पर बम जैसे विस्फोटक फेंक दिया। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर चाकू लहराते हुए परिवार को जान से मारने की धमकी देते रहे और फिर मौके से फरार हो गए। घटना कबीर नगर थाना क्षेत्र के हीरापुर स्थित वीर सवारकर नगर की है।
आधी रात घर पहुंची गैंग, फिर हुआ जोरदार धमाका
पीड़िता रिंकू तिवारी ने पुलिस को बताया कि 24 मई 2026 की रात करीब 1 बजे सोनू पटेल, आकाश पासवान, एक युवती और तीन अन्य युवक उनके घर पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने घर के बाहर बम जैसे पटाखे फेंके, जिससे तेज धमाका हुआ और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके की आवाज सुनते ही लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना के दौरान आरोपी चाकू लहराते हुए परिवार को धमकाते रहे। हालांकि घर का गेट बंद होने के कारण आरोपी अंदर नहीं घुस सके।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लगातार गाली-गलौज करते हुए परिवार को खत्म करने की धमकी दे रहे थे। जब परिवार ने पुलिस बुलाने की बात कही, तब सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात हुई इस वारदात से महिलाएं और बच्चे दहशत में हैं।
पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह!
पुलिस जांच में पुरानी दुश्मनी का एंगल भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी सोनू पटेल के परिवार और पीड़िता के बेटे शुभम तिवारी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब छह महीने पहले शुभम तिवारी पर सोनू पटेल की नाबालिग बहन से छेड़छाड़ का आरोप लगा था, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था। फिलहाल शुभम जमानत पर बाहर है। इसी रंजिश को हमले की बड़ी वजह माना जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कबीर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











