छत्तीसगढ़ आयुर्वेद अधिकारी संघ के प्रांतीय प्रतिनिधि सम्मेलन का हुआ आयोजन, स्वास्थ्य मंत्री और राजिम विधायक हुए शामिल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ आयुर्वेद अधिकारी संघ के प्रांतीय प्रतिनिधि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए। कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा एवं अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सम्मेलन के दौरान प्रदेश में आयुर्वेद चिकित्सा प्रणाली को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक, प्रभावी एवं व्यापक बनाने को लेकर अतिथियों एवं संघ के पदाधिकारियों के मध्य विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा हुई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजिम विधायक रोहित साहू ने आयुर्वेद के महत्व पर विशेष प्रकाश डालते हुए कहा कि आयुर्वेद विश्व की सबसे प्राचीन चिकित्सा पद्धतियों में से एक है। यह रोगों के उपचार का माध्यम होने के साथ ही हम भारतीयों की जीवनचर्या में रची बसी एक समृद्ध जीवनपद्धति है। हमारे पूर्वजों द्वारा संरक्षित यह ज्ञान आज वैश्विक स्तर पर नई पहचान प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आयुर्वेद की प्रासंगिकता निरंतर बढ़ रही है तथा छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक इस प्राचीन चिकित्सा पद्धति का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

विधायक रोहित साहू ने विशेष रूप से अपने गृह जिले गरियाबंद में कार्यरत आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें विशेष प्रोत्साहन प्रदान करने की बात कही। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत आयुर्वेद चिकित्सक सीमित संसाधनों के बीच जनसेवा का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं जो अत्यंत प्रशंसनीय है।

महत्वपूर्ण विषयों पर हुई चर्चा

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करना एवं आयुर्वेद अधिकारियों की समस्याओं एवं सुझावों पर गंभीरता से विचार करना था। सम्मेलन में आयुर्वेद चिकित्सा प्रणाली को नई तकनीकों एवं आधुनिक अनुसंधान से जोड़ने, ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में संचालित आयुर्वेद औषधालयों की स्थिति सुधारने तथा दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने संघ की विभिन्न मांगों एवं सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना तथा आश्वस्त किया कि राज्य सरकार आयुर्वेद एवं आयुष विभाग के विकास हेतु हरसंभव कदम उठाएगी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ आयुर्वेद अधिकारी संघ के प्रांताध्यक्ष डॉ. गदाधर पांडा ने आयुर्वेद संविदा चिकित्सा अधिकारियों के नियमितीकरण एवं वेतन वृद्धि तथा नियमित आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों के लिए 4 स्तरीय वेतनमान की मांग प्रमुखता से रखी।

इस पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं सभी विधायकों ने माननीय मुख्यमंत्री से चर्चा कर समस्याओं के समाधान हेतु सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। सम्मेलन में प्रदेशभर से आए छत्तीसगढ़ आयुर्वेद अधिकारी संघ के प्रांतीय प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। स्वास्थ्य मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति तथा उनके सकारात्मक रुख के लिए संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने हेतु पुष्य नक्षत्र में बच्चों का हुआ स्वर्णप्राशन संस्कार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button