पेट्रोल-डीजल के लिए मची भगदड़, पंप के बाहर उमड़ी भीड़, घंटों लाइन में खड़े किसानों की बढ़ी चिंता

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– इन दिनों पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत ने आम जनजीवन और कृषि कार्यों को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। रायगढ़ जिले के खरसिया ब्लॉक अंतर्गत बरगढ़ खोला क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। हालात ऐसे हैं कि पंप के बाहर मुख्य सड़क तक ट्रैक्टर, कार और दुपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
क्षेत्र में ईंधन संकट के चलते किसान और वाहन चालक घंटों अपनी बारी का इंतजार करने को मजबूर हैं। शाम होते ही पंप परिसर में अफरा-तफरी जैसा माहौल देखने को मिला। कृषि कार्यों का सीजन होने के कारण सबसे ज्यादा भीड़ ट्रैक्टर चालकों की देखी गई।
पंप के बाहर उमड़ी भीड़
पेट्रोल पंप संचालक के अनुसार पूरे एक सप्ताह के लंबे इंतजार के बाद ईंधन का स्टॉक मिल पाया है, लेकिन यह स्टॉक बेहद सीमित है और अधिकतम 2 से 3 दिन ही चल पाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पहले से ईंधन की भारी कमी बनी हुई थी, इसलिए जैसे ही लोगों को स्टॉक आने की जानकारी मिली, पंप पर भीड़ उमड़ पड़ी।
वर्तमान में पंप पर पेट्रोल 108.75 रुपये प्रति लीटर और डीजल 102 रुपये प्रति लीटर की दर से मिल रहा है। हालांकि इस समय लोगों की प्राथमिक चिंता कीमत नहीं, बल्कि किसी भी तरह अपने वाहन का टैंक भरवाना है। मौके पर हालात इतने बिगड़ गए कि पंप कर्मचारियों को भीड़ नियंत्रित करने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। लोग इस डर से घंटों लाइन में खड़े हैं कि कहीं उनका नंबर आने से पहले ही स्टॉक खत्म न हो जाए।
किसानों की बढ़ी चिंता
स्थानीय किसानों और वाहन चालकों का कहना है कि ईंधन की कमी से खेती-किसानी के काम प्रभावित हो रहे हैं। ट्रैक्टर नहीं चल पाने से खेतों की तैयारी और अन्य जरूरी कार्य अटक रहे हैं। लोगों ने प्रशासन और तेल कंपनियों से जल्द सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द पर्याप्त स्टॉक नहीं पहुंचा तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











