घर पर मिली पिता और दो मासूम बच्चों की लाश, मायके गई थी पत्नी, जांच में ये बात आई सामने, पुलिस ने शुरू की जांच

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही घर में पिता और उसके दो मासूम बच्चों के शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। प्रारंभिक जांच में कीटनाशक जहर सेवन कर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। मामला जांजगीर-चांपा जिले के नैला चौकी क्षेत्र का है।
पत्नी के मायके जाने से तनाव में था रमेश
जानकारी के अनुसार ग्राम बिरकोनी निवासी रमेश कुमार पटेल और उसके दोनों मासूम बच्चों के शवघर के भीतर मिले हैं। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले रमेश कुमार पटेल का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी। परिवार के लोगों ने बताया कि 16 जून को रमेश अपनी पत्नी को मनाकर वापस घर लाने मायके गया था, लेकिन पत्नी ने लौटने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह अकेले ही घर वापस आ गया था।
धान कुटवाने गया था पिता, लौटकर देखा मौत का मंजर
पत्नी के वापस नहीं आने से रमेश काफी परेशान और मानसिक तनाव में था। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह मृतक के पिता परदेसी राम पटेल धान कुटवाने के लिए ग्राम कटनाई गए हुए थे। इसी दौरान करीब 11.30 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनका बेटा और दोनों नाती घर में अचेत अवस्था में पड़े हुए हैं। घबराए परिजन जब घर पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। रमेश कुमार पटेल और उसके दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। देखते ही देखते पूरे गांव में खबर फैल गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
पुलिस, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड जांच में जुटे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम के अलावा सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे स्वयं मौके पर पहुंचीं और अधिकारियों के साथ पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर पुलिस टीम को हर पहलू से जांच करने के निर्देश दिए। जांच के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जहर सेवन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण मौजूद है। फिलहाल पुलिस हर पहलू की गहन जांच में जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











