नवापारा ब्रेकिंग: नवापारा-मगरलोड पुल पर बड़ा हादसा टला, रेलिंग तोड़कर पुल से लटका ट्रैक्टर, चालक ने कूदकर बचाई जान

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा से एक बड़ी खबर सामने आई, जहां शुक्रवार सुबह नवापारा-मगरलोड मार्ग पर स्थित पुल पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए पुल के किनारे लटक गया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचा ली। मामला बड़ी करेली चौकी क्षेत्र का है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर नवागांव से नवापारा की ओर आ रहा था। इसी दौरान पुल पर खड़ी एक कार नवापारा की ओर जाने के लिए मुड़ी। ट्रैक्टर की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक ने कार को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते ट्रैक्टर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए आधा पुल से नीचे लटक गया। हादसे में कार को भी नुकसान पहुंचा है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। हालांकि ट्रैक्टर चालक को मामूली चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी करेली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा।

अव्यवस्थित पार्किंग पर लोगों ने जताई नाराजगी

इस घटना के बाद ग्रामीणों ने पुल पर अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि समीप स्थित सिटी स्पोर्ट्स क्लब में आने वाले लोग अपने वाहन पुल पर ही खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल पर पार्किंग पर सख्ती से रोक लगाने तथा नियमित निगरानी की मांग की है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते चालक वाहन से बाहर नहीं निकलता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवापारा ब्रेकिंग: दो हाइवा की आमने-सामने भिड़ंत, केबिन में फंसे चालक; विधायक ने संभाली रेस्क्यू की कमान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button