बच्चे बड़े सपने देखें और लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ें, सफलता जरूर मिलेगी – रोहित साहू
धूमधाम से मना विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव, कोमा में तिलक लगाकर बच्चों को कराया शाला प्रवेश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) राजिम :– नवीन शिक्षण सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कोमा विकासखंड फिंगेश्वर में अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय परिसर में टीन शेड कार्य का भूमिपूजन भी संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चन्दूलाल साहू जी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती नंदनी ओंकार साहू सभापति, जिला पंचायत गरियाबंद, श्रीमती नंदनी कोमल ढीढ़ी सभापति जिला पंचायत गरियाबंद, इंद्रजीत महाड़िक सदस्य जिला पंचायत गरियाबंद, डॉ.रामकुमार साहू पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष, चंद्रशेखर साहू भाजपा जिला महामंत्री, जितेन्द्र साहू जनपद सदस्य फिंगेश्वर, रिकेश साहू मंडल अध्यक्ष राजिम, हरीश साहू अध्यक्ष सरपंच संघ फिंगेश्वर, ओमप्रकाश साहू अध्यक्ष सहकारी समिति कोमा, बलराम साहू सरपंच ग्राम पंचायत कोमा, नीतू जनक बंजारे उपसरपंच ग्राम पंचायत कोमा, भोजराम यादव अध्यक्ष ग्राम विकास समिति कोमा, टहलूरराम तारक अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति पूर्व मा. शाला कोमा, घनश्याम साहू अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति प्रा. शाला कोमा आदि शामिल हुए।
इस अवसर पर स्कूल पहुंचे नवप्रवेशी बच्चों का अतिथियों द्वारा तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकें एवं कॉपियां भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों और ग्रामीणों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत स्कूल परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की धुरी
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक रोहित साहू ने कहा कि शिक्षा ही किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की धुरी है। हमारे मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में राज्य सरकार हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए संकल्पित है। आज इस शाला प्रवेशोत्सव के पावन अवसर पर मैं सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ। पालकों से मेरी अपील है कि वे बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें तथा बच्चे बड़े सपने देखे और लक्ष्य बनाकर आगे बढे,सफलता जरूर मिलेगी।
इसके साथ ही आज हमने पर्यावरण को बचाने और अपनी धरती मां के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे रोपे हैं। मैं सभी शिक्षकों, बच्चों और ग्रामीणों से आग्रह करता हूँ कि इन पौधों की देखभाल अपने परिवार के सदस्य की तरह करें ताकि हमारा स्कूल परिसर हरा-भरा और स्वस्थ रहे।
स्कूल हमारे जीवन में संस्कारों की वेदी

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छ.ग. राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चन्दूलाल साहू ने कहा कि आज का दिन हमारे नौनिहालों के लिए एक नई यात्रा की शुरुआत है। पढ़बो सब झन, गढ़बो जन-जन के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए हमें छत्तीसगढ़ के भविष्य को संवारना है। स्कूल हमारे जीवन में संस्कारों की वेदी है। मुझे पूरा विश्वास है कि शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कोमा के शिक्षक पूरी निष्ठा के साथ बच्चों को बेहतर नागरिक बनाएंगे। बुनियादी सुविधाओं और बेहतर अधोसंरचना के लिए आज भूमिपूजन भी किया गया है, जो इस क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सभापति श्रीमती नंदनी ओमकार साहू ने कहा कि एक शिक्षित बेटी और एक शिक्षित बेटा ही उन्नत समाज का निर्माण कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर लगातार सुधर रहा है। पालकों और शिक्षकों के बीच का बेहतर समन्वय ही बच्चों की प्रतिभा को निखार सकता है। आज इस प्रवेशोत्सव में बच्चों के चेहरों की मुस्कान देखकर यह साफ है कि वे स्कूल आने के लिए कितने उत्साहित हैं। हम सब मिलकर फिंगेश्वर विकासखंड को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाएंगे। कार्यक्रम को नंदनी डीडी, इंद्रजीत महाडिक ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और राज्य गीत के साथ हुई। विकासखंड शिक्षा अधिकारी फिंगेश्वर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विशेष रूप से आसपास के सरपंचगण ,शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी और भारी संख्या में ग्रामीण,पालक तथा विकासखंड के शिक्षकगण उपस्थित रहे। स्थानीय प्रशासन और शाला परिवार द्वारा मुख्य अतिथि और अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन किया गया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











