छुरा ब्रेकिंग: डबरी में मिला युवक का शव, इस बात की आशंका, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा:– गरियाबंद जिले के छुरा इलाके में डबरी में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना छुरा थाना क्षेत्र का है।
घरेलू विवाद के बाद बिखर गया था परिवार
जानकारी के अनुसार पिपरझड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम देवपरसुली निवासी सुरेश यादव का शव ग्राम कारीमाट्टी स्थित केजाऊ डबरी में मिला है। बताया जा रहा है कि सुरेश यादव पिछले कई महीनों से मानसिक तनाव से गुजर रहा था। करीब 6 से 8 माह पहले घरेलू विवाद के बाद उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से वह अपने तीन मासूम बच्चों और परिवार से अलग-थलग होकर इधर-उधर भटकता रहता था।
नशे की हालत में घूमता देखा गया था
ग्रामीणों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी और वह अक्सर परेशान नजर आता था। लोगों के मुताबिक घटना से पहले सुरेश को गांव के आसपास नशे की हालत में घूमते देखा गया था। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में वह डबरी में गिर गया होगा, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल शव का पंचनामा कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
तीन बच्चों पर गहराया संकट
सुरेश यादव अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गया है, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
भीमसेनी एकादशी मेले में चाकूबाजी, दो सगे भाईयों पर जानलेवा हमला











