छुरा ब्रेकिंग: पुलिया पार करते तेज बहाव में बहे युवक का शव बरामद, 24 घंटे बाद झाड़ियों में मिला शव

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा:– गरियाबंद जिले में छुरा क्षेत्र से बड़ी खबर आ रही है, जहां नवापारा मार्ग पर शनिवार सुबह पुलिया पार करते समय तेज पानी के बहाव में बहकर लापता हुए युवक का शव करीब 24 घंटे बाद रविवार सुबह घटनास्थल से 3 से 4 किलोमीटर दूर झाड़ीदार स्थान पर बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद छुरा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिया पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 8 बजे दिगेश्वर यादव पिता संत राम यादव, अपने चचेरे भाई पीतांबर यादव के साथ ग्राम भैरा से साइकिल से नवापारा की ओर लौट रहे थे। दोनों गांव में चरवाही का काम करते हैं। इसी दौरान मुड़ागांव-भैरा-नवापारा मार्ग पर स्थित जर्जर पुलिया पार करते समय पुलिया में बने गड्ढे में दिगेश्वर फंस गए और अचानक तेज पानी के बहाव की चपेट में आकर साइकिल समेत बह गए।
हादसे के दौरान पीतांबर यादव किसी तरह पानी से बाहर निकलने में सफल रहा। वहीं दिगेश्वर तेज बहाव में बह गए। घटनास्थल से उनकी साइकिल बरामद की गई थी।
दिनभर नहीं मिला सुराग
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और छुरा पुलिस को जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस तथा गरियाबंद से पहुंची SDRF टीम ने लापता युवक की तलाश शुरू की। शनिवार को देर शाम तक पुलिया से लेकर आसपास के नाले, झाड़ियों और गड्ढों में सघन खोजबीन की गई, लेकिन दिगेश्वर का कोई सुराग नहीं मिला। अंधेरा होने के बाद रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने रात में बैठक कर रविवार सुबह दोबारा व्यापक स्तर पर तलाश करने का निर्णय लिया।
झाड़ियों में मिला शव
रविवार सुबह ग्रामीण अलग-अलग समूहों में संभावित स्थानों पर तलाश करने निकले। इसी दौरान घटनास्थल से करीब 3 से 4 किलोमीटर दूर एक छोटे से झाड़ीदार स्थान पर पानी के बहाव में फंसा दिगेश्वर का शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना छुरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
पत्नी और दो बच्चों के सिर से उठा साया
ग्रामीणों ने बताया कि दिगेश्वर यादव गांव में चरवाही का काम कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तीज पर्व की खुशियां मातम में बदल गई है।
पुलिया के स्थायी निर्माण की मांग
ग्रामीणों के अनुसार मुड़ागांव-भैरा-नवापारा मार्ग की उक्त पुलिया लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। ग्राम पंचायत द्वारा समय-समय पर मरम्मत कराई जाती रही है, लेकिन स्थायी निर्माण नहीं होने के कारण बारिश के मौसम में यहां पानी का तेज बहाव होने पर स्थिति बेहद खतरनाक हो जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया के नव निर्माण की मांग कई बार शासन-प्रशासन के समक्ष रखी जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। दिगेश्वर की मौत के बाद ग्रामीणों ने एक बार फिर पुलिया का स्थायी निर्माण कराने के साथ ही ऐसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
छुरा ब्रेकिंग: उफनते नाले में साइकिल समेत बहे दो युवक, एक निकला सुरक्षित, दूसरे की तलाश जारी











