नगर निगम के सब इंजीनियर ने लगाई फांसी, सरकारी आवास में मिला शव; सुसाइड नोट बरामद

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नगर निगम के सब इंजीनियर का शव सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने मानसिक रूप से परेशान होने का जिक्र किया है, हालांकि आत्महत्या के कारण का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है। मामला बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला शव
पुलिस के अनुसार, बिलासपुर में नगर निगम के सब इंजीनियर अमर सिंह चौहान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव महाराणा प्रताप चौक के पास निगम कॉलोनी सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों और आसपास के लोगों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर अमर सिंह चौहान का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि फांसी लगाने से पहले उन्होंने अपनी कलाई भी काटी थी।
सुसाइड नोट बरामद, जांच के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को मौके पर एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसे जब्त कर उसकी लिखावट का सत्यापन कराने भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि अमर सिंह चौहान का हाल ही में जगदलपुर तबादला हुआ था।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं स्थानांतरण, व्यक्तिगत, पारिवारिक या अन्य किसी कारण से वे मानसिक तनाव में तो नहीं थे। हालांकि अभी तक किसी भी वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस परिजनों, सहकर्मियों और परिचितों से पूछताछ कर रही है तथा सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट की जांच और बयानों के बाद ही मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
ब्रेकिंग: संविदा कर्मी ने लगाई फांसी, पंप हाउस में लटका मिला शव; सुसाइड नोट बरामद











