पूर्व विद्यार्थियों ने पीएमश्री हरिहर के प्राविण्य छात्रों का किया सम्मान, नकद पुरस्कार व प्रतीक चिन्ह देकर बढ़ाया उत्साह

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गोबरा नवापारा स्थित पीएमश्री हरिहर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में पूर्व विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय के प्रति लगाव और सामाजिक दायित्व का परिचय दिया। पूर्व छात्रों के ग्रुप ने वर्ष 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस पहल की शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी बताया।
पीएमश्री हरिहर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय गोबरा नवापारा में सत्र 1990-91 बैच के पूर्व विद्यार्थियों के एल्युमिनी ग्रुप द्वारा मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले देवकुमार दुबे को 5 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले सुमीत कुमार चक्रधारी को 3 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पंकज कुमार को 2 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। तीनों विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भी भेंट किए गए।
छात्रों का किया उत्साहवर्धन

इसी प्रकार कक्षा 10वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मोहित कंसारी को 5 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहे वंश देवांगन को 3 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पुष्पेन्द्र को 2 हजार रुपये की सम्मान राशि के साथ प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में अभनपुर विकासखंड में प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्रा आद्या साहू का विशेष रूप से सम्मान किया गया। एल्युमिनी ग्रुप ने उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें 2 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्य फाखरा खानम दानी ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पूर्व विद्यार्थियों द्वारा अपने विद्यालय लौटकर वर्तमान छात्रों का सम्मान करना न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ी को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित भी करता है। उन्होंने एल्युमिनी ग्रुप के इस सराहनीय प्रयास के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को और मजबूत बनाते हैं।
इस अवसर पर एल्युमिनी ग्रुप के सदस्य रमेश तिवारी, अशोक भट्ट, राजेश वर्मा, परेश सिंह चौहान, सौरभ शर्मा, आशीष दीवान, दिनेश देवांगन, जयकुमार जैन, योगेश रांवका, जयेश लोटिया, किशोर नागवानी, संदीप बोथरा, अमरजीत आयलसिंघानी, सुनील बंगानी एवं ईशाक ढेबर सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











