पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव, गांव में मचा हड़कंप, देर रात से लापता था युवक, सुबह मिली लाश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक 19 वर्षीय युवक का शव नाले के पास पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम खपरी निवासी आनंद कुमार ध्रुव (19 वर्ष) रोजी-मजदूरी का काम करता था। गुरुवार शाम वह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की नजर गांव के नाले के पास एक पेड़ पर लटके शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घटना की सूचना तत्काल पचपेड़ी थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जांच में जुटी पुलिस
पचपेड़ी पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। युवक के आत्महत्या करने के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
घर में साड़ी के फंदे से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस; मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट











