बीमार बच्चे को अस्पताल ले जाते समय दर्दनाक हादसा, पेड़ से टकराकर पालक की मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक पालक की जान चली गई। वह परिवार के बीमार बच्चे को इलाज के लिए मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल ले जा रहे थे। तभी रास्ते में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी, जिससे उनका सिर पेड़ से टकरा गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रामनिवास अपने परिवार और भेड़ों के साथ इन दिनों महुआभाठा के समीप मुड़हीपानी जंगल में डेरा डालकर भेड़ पालन का कार्य कर रहे थे। शुक्रवार शाम को उनके परिवार के एक बच्चे की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए गरियाबंद जिला अस्पताल ले जाने के उद्देश्य से रामनिवास समेत तीन लोग एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर निकले थे।
इसी दौरान ग्राम पिपरछेड़ी से करीब दो किलोमीटर पहले चालक का बाइक से नियंत्रण हट गया और मोटरसाइकिल सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। हादसे के दौरान रामनिवास का सिर पास के एक पेड़ से जोरदार तरीके से टकरा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद रामनिवास को मृत घोषित कर दिया। वहीं मोटरसाइकिल पर सवार बीमार बच्चे सहित एक अन्य व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं, जिनका उपचार किया गया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
फिल्मी स्टाइल में हो रही थी गांजा तस्करी, गरियाबंद पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा











