सिकासार जलाशय से छोड़ा गया पानी, प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट, त्रिवेणी संगम हुआ लबालब,

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच सिकासार जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। बढ़ते जलभराव को देखते हुए जल संसाधन विभाग द्वारा जलाशय से लगभग 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके चलते पैरी नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। जिला प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों के लिए सतर्कता संबंधी एडवाइजरी जारी करते हुए सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।

कलेक्टर बी.एस. उईके ने बताया कि जलाशय में लगातार पानी की आवक हो रही है, जिसके चलते आवश्यकता के अनुसार चरणबद्ध तरीके से गेट खोलकर पानी का डिस्चार्ज किया जा रहा है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो जलाशय से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा और बढ़ाई जा सकती है।

अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील

कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जिला प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। विशेष रूप से पैरी नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों, किसानों, मछुआरों और नदी किनारे आने-जाने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

एसडीएम और थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण

इधर, पानी छोड़े जाने के बाद राजिम का त्रिवेणी संगम लबालब हो गया है। लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। बुधवार को राजिम एसडीएम विशाला महाराणा, थाना प्रभारी अमृत लाल साहू सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने त्रिवेणी संगम पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने संगम क्षेत्र में बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नदी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में न जाएं तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

राजिम ब्रेकिंग: उफनते नाले में बह गया ग्रामीण, कई किमी दूर मिला शव, चेतावनी के बाद भी युवकों की नहीं सुनी बात

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button