4 घंटे में बना 1 लाख 80 हजार पार्थिव शिवलिंग, श्रद्धा से गूंज उठा राधाकृष्ण मंदिर परिसर, तीसरे सोमवार को होगा सहस्त्र जलधारा का आयोजन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– श्रावण मास के दूसरे सोमवार को नगर के हृदय स्थल गांधी चौक के समीप सेठ रेखराज, चतुर्भुज एवं भागीरथ अग्रवाल द्वारा नगर को समर्पित राधाकृष्ण मंदिर परिसर में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहां शिवभक्तों ने महज 4 घंटे में 1 लाख 80 हजार पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर नया कीर्तिमान बनाया। यह संख्या पहले सोमवार को निर्मित पार्थिव शिवलिंग से लगभग दोगुनी रही।

सुबह 9 बजे से पार्थिव शिवलिंग निर्माण का सिलसिला शुरू हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्साह के साथ इस पुण्य कार्य में जुटे रहे। इस दौरान मंच से सालासर समिति के नेमी साहू एवं उनके साथियों ने भजनों की गंगा बहाई। पूरे परिसर में राम नाम का जाप और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।

पार्थिव शिवलिंग निर्माण पूर्ण होने के बाद दद्दा शिष्य मंडल एवं राधाकृष्ण मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों द्वारा श्रद्धालुओं तक दूध, दही, जल, पुष्प, बेलपत्र, घी का दीपक सहित पूजन सामग्री पहुंचाई गई। इसके बाद संतोष मिश्रा सहित अन्य ब्राह्मणों ने विधि-विधान से पूजन प्रारंभ कराया। सर्वप्रथम भगवान भोलेनाथ का आह्वान कर प्राण-प्रतिष्ठा की गई और इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न हुई।

पूजन के बाद श्रद्धालु पार्थिव शिवलिंग को अपने सिर पर धारण कर बाजे-गाजे के साथ महानदी में विसर्जन के लिए रवाना हुए। इस दौरान भक्त नाचते-झूमते और भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए कतारबद्ध होकर महानदी तट की ओर बढ़े। आयोजन के समापन के बाद श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की भी व्यवस्था की गई।

दद्दाजी के मार्ग पर आगे बढ़ रहा आयोजन

इस विशेष आयोजन को देखने मध्यप्रदेश तीर्थ स्थान एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गौटिया तथा जबलपुर से संजय टिबड़ेवाल भी पहुंचे। दोनों दद्दाजी प्रभाकर शास्त्री के अनन्य भक्त हैं। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि भले ही आज दद्दाजी हमारे बीच सशरीर मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनके बताए मार्ग पर चलते हुए पार्थिव शिवलिंग निर्माण की यह सतत परंपरा उन्हें अपने साथ होने का एहसास कराती है। उन्होंने आयोजन की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

तीसरे सोमवार को होगा सहस्त्र जलधारा का आयोजन

आयोजकों के अनुसार श्रावण के तीसरे सोमवार को पार्थिव शिवलिंग निर्माण के बाद महानदी मैया से जल लाकर सहस्त्र जलधारा का ऐतिहासिक आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पुण्यदायी धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

शिवभक्ति का अनुपम संगम: श्रावण के पहले सोमवार नवापारा में शिवभक्तों ने किया 95,103 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button