युवक की हत्या, गाली-गलौज के विवाद में चाकू-पत्थर से हमला; 2 गिरफ्तार
दोस्तों ने ई-रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बिरयानी खाकर अपने दो दोस्तों के साथ घर लौट रहे युवक को कुछ बदमाशों ने चाकू और पत्थर से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना दुर्ग जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, धन्ना चौधरी अपने दो दोस्तों के साथ रक्षाबंधन की रात बिरयानी खाने गया था। खाना खाने के बाद तीनों दोस्त घर लौट रहे थे। इसी दौरान चंडी मंदिर नयापारा रोड पर रास्ते में कुछ युवकों से गाली-गलौज को लेकर उनका विवाद हो गया।
दोस्त चाकू देखकर पीछे हट गए

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने धन्ना चौधरी पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने के बाद धन्ना सड़क पर गिर पड़ा। उसके दोनों दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों के हाथ में चाकू देखकर वे पीछे हट गए।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद दोनों दोस्तों ने घायल धन्ना को ई-रिक्शा की मदद से दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में एक नाबालिक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस वारदात के कारणों और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
5 हजार के लिए युवक की हत्या, रेलवे ट्रैक पर फेंका शव, 2 नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार











