भीषण सड़क हादसा: 9 लोगों की मौत, तीन मासूम बच्चे भी शामिल; तीज कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे सभी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन मासूम बच्चे सहित महिलाएं शामिल है। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी तीज त्योहार में शामिल होने छत्तीसगढ़ से नागपुर जा रहे थे। इस दौरान लखनी तालुका के पिंपलगांव रोड पर भाऊ ढाबा के पास यह हादसा हो गया। घटना महाराष्ट्र के भंडारा जिले का है।
बताया जा रहा है कि बोलेरो में छत्तीसगढ़ के कबीरधाम और खैरागढ़-राजनांदगांव क्षेत्र के लोग सवार थे और वे तीज उत्सव में शामिल होने नागपुर जा रहे थे। इसी दौरान शुक्रवार सुबह करीब 3.31 से 4 बजे के बीच पिंपलगांव रोड के पास बोलेरो की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।
पेट्रोल पंप से हाईवे पर आ रहा था आयशर
लाखनी पुलिस के अनुसार हादसा महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर NH-53 पर साकोली से लाखनी की ओर जाने वाले मार्ग पर मुंडीपार के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक टाटा कंपनी का आयशर वाहन क्रमांक UP 72 BT 7974 पेट्रोल पंप से हाईवे पर आ रहा था। इसी दौरान साकोली की ओर से लाखनी जा रही महिंद्रा बोलेरो क्रमांक MH 49 U 9810 उससे टकरा गई।
बोलेरो का अगला हिस्सा चकनाचूर
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार कई लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, हाईवे पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। क्षतिग्रस्त बोलेरो को ट्रक से अलग करने और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद लेनी पड़ी।
मृतकों में तीन मासूम बच्चे
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे में तीन मासूम बच्चों की भी मौत हुई है।
मृतकों की पहचान जानाबाई रामअवतार वर्मा (50) नागपुर, गायत्री रूपेश उईके (30) चिचोला राजनांदगांव, स्वीटी रूपेश उईके (6) चिचोला राजनांदगांव, धैर्य रूपेश उईके (4) चिचोला राजनांदगांव, मीनाक्षी राजकुमार वर्मा (26) लोहारा कबीरधाम, सरिता विजय वर्मा (30) लोहारा कबीरधाम, रेशा राजकुमार वर्मा (2) कबीरधाम, गणेशिया अश्वंत पटेल (22) बांधटोला, कबीरधाम, राजकुमारी प्रह्लाद पटेल (35) कबीरधाम के रूप में की गई है।
14 लोग घायल, भंडारा और नागपुर में चल रहा इलाज
हादसे में 14 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कबीरधाम निवासी सुभाष विजय वर्मा, ललिता योगेश पटेल, तनय योगेश पटेल, रामप्यारी भारत पटेल, सुख्यारी पटेल, रमस्या पटेल, कुमारीबाई रामधर कावरे, मयंक योगेश पटेल, रितेश विजय वर्मा, मेघा राजकुमार वर्मा, लोकेश असवन पटेल और डॉली असवन पटेल शामिल बताए गए हैं। वहीं नागपुर निवासी गुलाबन रेश्या वर्मा और जगदेव उर्फ जंगू निर्मल वर्मा भी घायल हुए हैं।
CM साय ने जताया गहरा दुख
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई दुर्घटना में छत्तीसगढ़ के नागरिकों, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं, के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन की टीम भंडारा पहुंच चुकी है और महाराष्ट्र सरकार एवं स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर रही है। घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। गंभीर घायलों के बेहतर उपचार के लिए नागपुर में भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने भी जताया दुख
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने संबंधित लोगों से दूरभाष पर चर्चा कर घटना की जानकारी ली तथा घायलों के बेहतर इलाज और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जताया शोक
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस सड़क हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि हादसे में छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











