नवापारा क्षेत्र में चोरों का आतंक! एक ही रात घर और मंदिर में धावा, जेवरात-नकदी लेकर फरार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात दो अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। ग्राम सोनेसिल्ली में सूने घर का ताला तोड़कर चोर करीब 98,380 रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी ले गए।

वहीं ग्राम सुन्दरकेरा के बड़ेबांधा तालाब पार स्थित मां महामाया मंदिर में भी ताला तोड़कर दानपेटी की करीब 5 हजार रुपये नकदी और देवी के श्रृंगार में रखे आभूषण चोरी कर लिए गए। शीतला मंदिर से भी चांदी के नैन और नकदी चोरी होने की शिकायत सामने आई है। लगातार हुई इन घटनाओं से इलाके में सुरक्षा और रात्रिकालीन गश्त को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

 टूटा मिला दरवाजा

जानकारी के अनुसार ग्राम सोनेसिल्ली निवासी ज्ञानचंद साहू बढ़ई का काम करते हैं। 9 सितंबर को वह काम के सिलसिले में नवापारा गए थे, जबकि उनकी पत्नी खेत में और बेटियां स्कूल गई थीं। उनकी मंझली बेटी खेमिका साहू सुबह करीब 10:15 बजे घर में ताला लगाकर बाहर खेलने चली गई।

करीब दोपहर 12 बजे लौटने पर उसने घर का ताला टूटा देखा। खेमिका ने तत्काल अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद ज्ञानचंद घर पहुंचे और आलमारी की जांच की। अंदर कमरे में रखे गोदरेज आलमारी का ताला भी टूटा था और सामान बिखरा पड़ा था। जिसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब मिले।

शिकायत के मुताबिक चोरी गए सामान में 7 ग्राम का सोने का मंगलसूत्र, 9.780 ग्राम का गुलबंद, सोने की नथनी व डोला, सोने का गेहूं का दाना, चांदी की पायल और बिछिया शामिल हैं। जेवरात की कीमत करीब 97,380 रुपये तथा 1,000 रुपये नकद चोरी हुए हैं। कुल चोरी 98,380 रुपये की बताई गई है।

मां महामाया मंदिर में भी चोरी, दानपेटी से नकदी गायब

दूसरी वारदात ग्राम सुन्दरकेरा में हुई। 9 सितंबर की रात करीब 8 बजे पूजा के बाद मंदिर में ताला लगाकर महेन्द्र साहू घर चले गए थे। 10 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे मंदिर पहुंचने पर दरवाजे का कुंदा और ताला टूटा मिला। अंदर सामान अस्त-व्यस्त था और दानपेटी गर्भगृह के बाहर पड़ी थी।

मंदिर में चोरी करते कैमरे में कैद हुआ संदिग्ध
मंदिर में चोरी करते CCTV में कैद हुआ संदिग्ध

शिकायत के अनुसार मंदिर से चांदी के दो छत्र, दो मुकुट, कर्णफूल, 11 बंधा-पुतरी, पायल, एक जोड़ी बिछिया, चांदी के नैन तथा सोने की नथनी समेत कई आभूषण चोरी हुए हैं। दानपेटी में रखी करीब 5 हजार रुपये नकदी भी गायब मिली। इसके अलावा शीतला मंदिर से चार नग चांदी के नैन और 5 हजार रुपये नकदी चोरी होने की जानकारी दी गई है। मंदिर से चोरी हुए आभूषणों की कीमत फिलहाल अलग से दर्ज नहीं की गई है।

पुलिस जांच में जुटी

एक ही रात घर और मंदिर को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास की गतिविधियों और संभावित संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों घटनाओं में चोरी का तरीका और अन्य समान कड़ियां मिलने पर एक ही गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा सकती है। फिलहाल आरोपियों तक पहुंचना और चोरी गए सामान की बरामदगी पुलिस के सामने चुनौती बनी हुई है।

नवापारा पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति की पहचान बताने वाले को उचित इनाम की भी घोषणा की है। साथ ही पहचान बताने वाले की पहचान गुप्त रखने की बात कही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

रायपुर के एजुकेशन एकेडमी में लाखों की चोरी: ट्रेन से उज्जैन भाग रहे थे आरोपी गिरफ्तार, 4.97 लाख बरामद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button