गंगरेल बांध लबालबः महानदी में 53000 क्यूसेक छोड़ा जा रहा पानी, तटीय और निचले इलाकों में हाई अलर्ट
(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश और जलाशयों के कैचमेंट क्षेत्र से पानी की बढ़ती आवक के बीच गंगरेल बांध (रविशंकर सागर जलाशय) का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। जिला प्रशासन की ओर से जारी ताजा सूचना के अनुसार 11 सितंबर 2026 की रात 12 बजे गंगरेल जलाशय 96.17 प्रतिशत भर चुका था, जबकि 12 सितंबर को उपलब्ध अपडेट के अनुसार जलस्तर 97.40 प्रतिशत तक पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए गंगरेल बांध के गेट खोल दिए गए हैं।
फिलहाल बांध से कुल 53000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें करीब 48000 क्यूसेक पानी महानदी में तथा 5000 क्यूसेक पानी रुद्री बैराज के माध्यम से मुख्य नहर में प्रवाहित किया जा रहा है। पानी की आवक लगातार बनी रहने के कारण जलस्तर में आगे भी वृद्धि की संभावना जताई गई है।
मुरूमसिल्ली 100 प्रतिशत भरा
जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार धमतरी जिले के प्रमुख जलाशयों में भी पानी का स्तर काफी बढ़ गया है। मुरुमसिल्ली जलाशय 100 प्रतिशत, दुधावा जलाशय 92.44 प्रतिशत, सोंढूर जलाशय 73.25 प्रतिशत जलभराव है। प्रशासन ने जलाशयों में बढ़ते जलस्तर और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए स्थिति पर लगातार निगरानी बढ़ा दी है।
महानदी तटीय गांवों में अलर्ट
बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण महानदी और नदी-नालों के आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनने की आशंका है। जिला प्रशासन ने महानदी तटीय क्षेत्रों में बसे गांवों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों और मैदानी अमले को 24 घंटे सतर्क रहने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने कहा गया है।
प्रशासन ने ग्रामीणों और आम नागरिकों से नदी-नालों के किनारे जाने, जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने और उफनती नदी को पार करने से बचने की अपील की है। बच्चों को नदी-नालों और जलाशयों के आसपास नहीं जाने देने की भी सलाह दी गई है। फिलहाल गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने और लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए महानदी तटीय एवं निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
गजपल्ला वॉटरफॉल में डूबे युवक का शव बरामद, 3 घंटे बाद SDRF ने किया रेस्क्यू











