भाई के दशगात्र का न्योता देकर लौट रहे युवक की मौत, माजदा वाहन ने कुचला, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– ईंट से लदे माजदा वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। घटना बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम टिकारी के जोरवाभाठा निवासी विवेक बंजारे अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 10 सीए 7820 से टिकारी भाटापारा से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान ईंट से लदी स्वराज माजदा क्रमांक सीजी 10 एयू 5767 के चालक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि विवेक के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे से गुस्साए लोगों ने प्रशासन और परिवहन व्यवस्था के खिलाफ नाराजगी जताते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार शिल्पा भगत और मस्तूरी पुलिस द्वारा समझाइश और आश्वासन दिए जाने के बाद लगभग दो घंटे पश्चात चक्काजाम समाप्त हुआ। तहसीलदार ने मृतक परिवार को 25 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की। वहीं शर्मा फ्लाई एस ब्रिक्स के संचालक ने भी 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।
दो बेटों की मौत से सदमे में पूरा परिवार
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही मृतक विवेक के बड़े भाई की दूसरे राज्य में कार्य के दौरान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। गुरुवार को विवेक अपने दिवंगत भाई के दशगात्र कार्यक्रम का निमंत्रण देने गया था और लौटते समय यह हादसा हो गया। एक भाई की चिता की राख अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि दूसरे बेटे की मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया।
एक ही परिवार के दो जवान बेटों की अल्प समय में हुई मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिजन इस दर्दनाक घटना को लेकर गहरे सदमे में हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











