तेज रफ्तार कार ने दो युवकों कुचला, 100 फीट तक घसीटा शव, गुस्साए ग्रामीणों ने शव रखकर किया चक्काजाम, टायर जलाकर फूटा आक्रोश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को बेरहमी से कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद कार दोनों युवकों को करीब 100 फीट तक घसीटते हुए निकल गई, जिससे मौके पर ही दोनों युवकों की मौत हो गई। घटना सरगुजा जिले के मणिपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार सुंदरपुर निवासी अनिल कुमार गढ़ेवाल (25) रविवार शाम करीब 7.30 बजे शो-रूम से घर लौट रहे थे। रास्ते में वे सांडबार स्थित मोहम्मद तस्लीम की दुकान पर वाहन के टायर में हवा भरवाने रुके थे। उसी दौरान दुकान संचालक का भतीजा कमरान (20) पिता मोहम्मद नसीम भी वहां पहुंच गया। दोनों सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे, तभी लखनपुर की ओर से अंबिकापुर आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी।
कार चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि टक्कर लगते ही दोनों युवक हवा में उछल गए और वाहन उन्हें घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। दुर्घटना इतनी अचानक हुई कि कोई भी वाहन का नंबर तक नहीं देख पाया। अब पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।
हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम
सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही दोनों युवकों के शव परिजनों को सौंपे गए, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों और ग्रामीणों ने सांडबार बेरियर के पास नेशनल हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
आश्वासन के बाद जाम समाप्त
ग्रामीणों ने हाईवे पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, बेरिकेडिंग करने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार जयस कंवर और मणिपुर पुलिस ने परिजनों को जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
नवापारा ब्रेकिंग: तेज रफ्तार हाइवा का कहर, बाइक सवार को कुचला, 200 मीटर तक घसीटा शव











