पिता के सामने नाले में बह गया 7 साल का मासूम, पूजा सामग्री विसर्जित करने गया था परिवार; 20 मीटर दूर मिला शव

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– लगातार हो रही बारिश के बीच रायपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। पूजा सामग्री विसर्जित करने गए एक परिवार के सामने ही 7 साल का मासूम तेज बहाव वाले नाले में बह गया। पिता और जुड़वां बहन देखते रह गए। स्थानीय लोगों ने करीब 20 मीटर दूर बच्चे को बहते हुए देखा और तत्काल बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10:40 बजे लक्ष्मी नारायण अपनी 7 वर्षीय जुड़वां बेटी तुसिता और बेटे त्रिवेंद्र को लेकर डूमरतराई इलाके में रिंग रोड स्थित कमल होटल के पास शास्वत नगर नाले में पूजा सामग्री विसर्जित करने पहुंचे थे। लगातार बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव तेज था।

बताया गया कि लक्ष्मी नारायण नाले में पूजा सामग्री विसर्जित कर रहे थे, जबकि दोनों बच्चे आसपास खड़े होकर पानी देख रहे थे। इसी दौरान त्रिवेंद्र नाले के पानी में पैर धोने लगा। करीब 11 बजे अचानक पानी का बहाव तेज हुआ और बच्चा अपना संतुलन खोकर नाले में गिर गया। तेज बहाव उसे अपने साथ बहाकर ले गया।

हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल से करीब 20 मीटर दूर मौजूद स्थानीय लोगों ने बच्चे को बहते देखा और तत्काल उसे बाहर निकाला। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बच्चों की जिद बनी हादसे की वजह

बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के बाद दोनों बच्चे शास्वत नगर नाले में बढ़े पानी को देखने की जिद कर रहे थे। इसी वजह से शनिवार सुबह पिता दोनों बच्चों को अपने साथ लेकर नाले तक पहुंचे थे। लक्ष्मी नारायण पूजा सामग्री विसर्जित करने में जुटे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।

बेटे की मौत से परिवार में पसरा मातम

हादसे की खबर मिलते ही पवार परिवार के सदस्य और रिश्तेदार घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए। बेटे की मौत की खबर सुनते ही त्रिवेंद्र की मां बेसुध हो गईं। अस्पताल में माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल था।

परिवार के लोग लक्ष्मी नारायण और उनकी पत्नी को संभालते रहे। साथ ही उन्हें अपनी बेटी तुसिता को संभालने और हिम्मत रखने के लिए कहते रहे। मासूम बेटे की अचानक मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

बारिश के दौरान नालों और जलभराव वाले स्थानों में पानी का बहाव अचानक तेज हो सकता है। ऐसे में प्रशासन की ओर से भी लोगों से ऐसे स्थानों से दूरी बनाए रखने और बच्चों को तेज बहाव वाले नालों के आसपास नहीं ले जाने की अपील की जाती रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

राजिम ब्रेकिंग: उफनते नाले में बह गया ग्रामीण, कई किमी दूर मिला शव, चेतावनी के बाद भी युवकों की नहीं सुनी बात

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button