चक्रवात ‘अर्नब’ की आहट के बीच लालिमा से नहाया बस्तर का आसमान, चक्रवात अर्नब के खतरे के बीच छत्तीसगढ़ अलर्ट

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार की शाम प्रकृति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बचेली और किरंदुल में बैलाडीला की ऊंची पहाड़ियों के पीछे छाए बादलों पर गुलाबी-लाल रोशनी बिखर गई। सूर्यास्त के समय आसमान लालिमा से सराबोर नजर आया।
पहाड़ियों पर जगमगाती एनएमडीसी प्लांट की रोशनी और नीचे बसे शहर की चमक ने इस दृश्य को किसी खूबसूरत पेंटिंग जैसा बना दिया। हालांकि, यह मनमोहक नजारा ऐसे समय दिखाई दिया है, जब चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को लेकर बस्तर संभाग में मौसम विभाग और प्रशासन अलर्ट हैं।
बदलते मौसम के बीच आसमान में फैली लालिमा, बादलों की अनोखी आकृतियों और पहाड़ियों की गहरी परछाइयों ने लोगों का ध्यान खींचा। शाम के इस नजारे को देखकर लोग कुछ पल ठहरकर प्रकृति की खूबसूरती निहारते नजर आए। बैलाडीला की पहाड़ियां अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जानी जाती हैं, लेकिन मौसम के इस बदले मिजाज ने शाम के दृश्य को और खास बना दिया।
भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका, स्कूलों में छुट्टी
चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से बस्तर संभाग में भारी से अत्यंत भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। नागरिकों को सतर्क रहने, मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
30 और 31 अक्टूबर को भी मौसम पर रहेगी नजर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 30 अक्टूबर को बिलासपुर संभाग के पश्चिमी जिलों और सरगुजा संभाग के पश्चिमी जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं, 31 अक्टूबर को सरगुजा संभाग में हवा की गति 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। लगातार बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











