नवापारा ब्रेकिंग: कारोबारियों के प्रतिष्ठानों और निवास पर EOW-ACB का छापा, मचा हड़कंप; दस्तावेजों की जांच जारी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा से बड़ी खबर आ रही है, जहां तड़के सुबह आर्थिक अपराध अन्वेषण और एंटी करप्शन ब्यूरो (EOW-ACB) की संयुक्त टीम ने छापेमार कार्रवाई की है। नवापारा और राजिम के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर अचानक दबिश से हड़कंप मच गया। फिलहाल अधिकारियों की टीम प्रतिष्ठानों में दस्तावेजों एवं अन्य जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, EOW-ACB की संयुक्त टीम कारोबारी विमल पारख और राजा पारख से जुड़े प्रतिष्ठानों शांति विजय स्टोर्स एवं नवकार ज्वेलर्स में पहुंची और जांच शुरू की। दोनों प्रतिष्ठान सोना-चांदी और कपड़ा कारोबार से जुड़े बताए जा रहे हैं। टीम द्वारा दुकानों में मौजूद दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और कारोबारी रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
कारोबारी के निवास पर पहुंची टीम
जानकारी के अनुसार, संयुक्त जांच टीम कारोबारी राजा पारख के निवास पर भी पहुंची है। इसके अलावा संबंधित कारोबारियों से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी जांच जारी होने की सूचना है। सुबह से एक साथ कई स्थानों पर चल रही कार्रवाई ने स्थानीय कारोबारियों के बीच चर्चाओं का माहौल बना दिया है।
कोल लेवी स्कैम से जुड़े मामले में जांच का अंदेशा
EOW-ACBकी इस संयुक्त कार्रवाई को छत्तीसगढ़ के चर्चित कोल लेवी स्कैम मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि प्रदेश के रायपुर समेत अन्य जिलों में भी जांच एजेंसियों की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर कार्रवाई कर रही हैं। हालांकि, राजिम और नवापारा में जिन प्रतिष्ठानों और कारोबारियों के यहां जांच की जा रही है, उनके खिलाफ कार्रवाई के आधार और जांच से संबंधित विस्तृत तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
कार्रवाई से व्यापारिक क्षेत्र में हलचल
गोबरा नवापारा और राजिम में EOW-ACB की संयुक्त टीम की इस कार्रवाई को स्थानीय स्तर पर बड़ी जांच कार्रवाई माना जा रहा है। कार्रवाई के दौरान अधिकारी फिलहाल मीडिया को जानकारी देने से बचते नजर आ रहे हैं। फिलहाल विभिन्न ठिकानों पर जांच जारी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
कुरूद SDM कार्यालय में ACB की कार्रवाई, 10 हजार रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार











